मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने किया भाजपा जिला कार्यालय का भूमिपूजन और शिलान्यास

चण्डीगढ़, 17 जुलाई – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि जहां   कार्यकर्ता किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं वहीं संगठन के कामकाज को सुचारू रूप से चलाने के लिए कार्यालय एक महत्वपूर्ण स्थान होता है।

मुख्यमंत्री ने आज भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश धनखड़ के साथ फरीदाबाद के सेक्टर 15 स्थित नए भाजपा ज़िला कार्यालय का भूमि पूजन और शिलान्यास करने उपरांत ये विचार व्यक्त किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी कार्यालय कर्मक्षेत्र का केंद्र बिंदु होता है और प्रत्येक कार्यकर्ता का कार्यालय से मन से जुड़ाव होता है। उन्होंने कहा कि उनका सबसे पहला कार्यक्षेत्र भी फरीदाबाद रहा और उन्होंने लंबे समय तक यहां संगठन के लिए अपना योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद जिला के लोगों ने हमेशा से ही संगठन के लिए बेहतरीन कार्य किया है और पिछले लोकसभा चुनाव में सभी नौ विधानसभा सीटों पर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में भी एक सीट को छोड़कर सभी 8 सीटों पर हमारी पार्टी विजयी हुई। इस दौरान उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह अधिक से अधिक वोटरों को अपने साथ जोड़ें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि संगठन के लिए 5 ‘क’ अर्थात् कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यालय, कोष तथा कार्यशैली जरूरी होते हैं। कार्यालय कार्यकर्त्ता को संस्कार देता है, व्यवहार सिखाता है, परिवार जैसा माहौल मिलता है और जीवन की दिशा देता है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक सुविधाओं से लैस इस कार्यालय से भारतीय जनता पार्टी फ़रीदाबाद की सभी गतिविधियाँ चलेंगी। कार्यालय से ही कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीति रीति का प्रशिक्षण व दिशा निर्देश आदि दिए जाएँगे। सोशल मीडिया और मीडिया के द्वारा लोगों तक सरकार की सारी जानकारी इसी कार्यालय से पहुँचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह एक अत्याधुनिक और विश्वस्तर का कार्यालय होगा।

कार्यक्रम में केंद्रीय ऊर्जा एवं भारी उद्योग राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने भाजपा के नए कार्यालय के लिए सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस कार्यालय से निकलकर कई कार्यकर्ता प्रदेश व केंद्र की राजनीति की नई ऊंचाइयों को छुएंगे। हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ का कार्यालय के शिलान्यास के लिए आभार व्यक्त किया।

यहां यह उल्लेखनीय है कि फरीदाबाद के प्रसिद्ध उद्योगपति नरेन्द्र अग्रवाल ने 51 लाख और अजय जुनेजा ने 21 लाख की धनराशि कार्यालय निर्माण के लिए समर्पित की।

इस अवसर पर संगठन महामंत्री रविन्द्र राजू एवं प्रदेश उपाध्यक्ष जी.एल शर्मा के अतिरिक्त क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

error: Content is protected !!