पंचकूला शहर के कॉलोनी वासी स्वच्छ पानी पीने को तरसे: चंद्रमोहन

पंचकूला 19 अप्रैल। हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन ने आरोप लगाया है कि पंचकूला की राजीव कालोनी, इन्दिरा कालोनी, मद्रासी कालोनी और खड्ग मंगोली कालोनी, बिड घगर, गांधी कालोनी, व अन्य कालोनी के लोग पीने के स्वच्छ पानी के अभाव में नारकीय जीवन व्यतीत करने को विवश है। इससे इन लोगों के प्रति सरकार की अकर्मण्यता और असंवेदनहीनता स्पष्ट रूप से उजागर होती है। राजीव कालोनी में जहां पिछले कई सालों से जलभराव की समस्या का निदान नही हुआ है, वही पिछले लगभग 20 दिनों से राजीव कालोनी में पीने का पानी नहीं आ रहा है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को बार बार समस्या से अवगत करवाने के उपरांत भी उन पर इसका कोई असर नही हो रहा है। राजीव कालोनी के लोग अपनी प्यास बुझाने के एक एक बूंद पानी को तरस रहे हैं और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए टैंकर से पानी खरीद कर पी रहे हैं। चौधरी भजनलाल के 1991-1996 के शासनकाल में हरियाणा के प्रत्येक गांव में पीने का स्वच्छ जल पहुंचाने का श्रेय जाता है। उनके शासनकाल में हरियाणा प्रत्येक गांव तक पानी पहुंचाने वाला देश का सबसे पहला राज्य बना और यह कीर्तिमान आज भी चौधरी भजनलाल के नाम पर है।

चन्द्र मोहन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल इवेंट मैनेजमेंट करती है ,उसे लोगों की समस्या, उनकी वेदना और पीड़ा से कोई सरोकार नहीं है। केवल वोट लेने के लिए झूठे वादे करके लोगों को गुमराह किया जाता है। पहले 2022 तक सभी को मकान और अब 2024 तक सभी घरों में नल की व्यवस्था का प्रलोभन दिया है। उन्होंने कहा कि राजीव कालोनी, इन्दिरा कालोनी सहित इन कालोनियों में गर्मी के मौसम को देखते हुए पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो, लोग सड़कों पर आने के लिए विवश होंगे। राजीव कालोनी के पार्षद पंकज, राजीव कालोनी के लोगों की पानी की समस्या के बारे में चन्द्र मोहन को अवगत करवाने के लिए, उनके निवास स्थान पर गए थे। उन्होंने कहा कि राजीव कालोनी में लगभग 12000 मकान है। उन्होंने कहा कि राजीव कालोनी के लोग जलभराव की समस्या और स्वच्छ पेयजल के लिए तड़प रहे हैं, जिससे तो इनका कालोनी में रहना ही दुष्कर हो जाएगा। अत: इसका समाधान तुरंत करवाया जाए।

You May Have Missed

error: Content is protected !!