अखंड भारत माता का मंदिर देश का अपनी तरह का पहला मंदिर होगा: माई जी महाराज

भिवानी/धामु

भारत माता सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट भिवानी के अध्यक्ष एवं श्री कुसुमेश्वर महादेव मंदिर के महंत आचार्य माई जी महाराज ने कहा है कि यहां छोटी कांशी में बनने वाला अखंड भारत माता का मंदिर देश का अपनी तरह का पहला मंदिर होगा। हालांकि वर्तमान में भारत माता के वाराणसी और हरिद्वार में दो मंदिर हैं। लेकिन छोटी कांशी भिवानी में बनने वाला यह अखंड भारत माता मंदिर भव्य और अद्भुत होगा।

उन्होंने बताया कि सात मंजिल के इस मंदिर में हर मंजिल की अपनी एक पहचान होगी। इन सातों मंजिलों में भारतीय संस्कृति, परिधान, सांस्कृतिक धरोहर और अपने काम व बलिदान से पहचान बनाने वाली महिलाओं के बारे में जानकारी होगी। मंदिर की सातवीं मंजिल पर एक सभागार बनाया जायेगा, जिसमें लाईट एंड साऊंड से प्राचीन भारतीय परम्परागत देश की सीमाएं और प्रदेशों के बारे में जानकारी देने वाली संस्कृति को दिखाया जाएगा।

आचार्य माई जी महाराज ने आगे बताया कि आने वाले समय में यह मंदिर एक पर्यटक स्थल के रूप में भी विकसित किया जायेगा। उन्होंने जानकारी दी कि अखंड भारत माता मंदिर के बारे में उसके नकशे के शहर के महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर साईन बोर्ड लगवाए जायेंगे। ताकि  हर व्यक्ति को इस मंदिर के बारे में संपूर्ण जानकारी मिल सके। महाराज जी ने यह भी बताया कि आने वाले समय में आवश्यकता अनुसार मंदिर स्थल का विस्तार किया जाएगा।    

You May Have Missed

error: Content is protected !!