चंडीगढ़ – चंडीगढ़ के कैफे के 19 कर्मचारी मिले कोरोना संक्रमित निगम ने कैफे को 48 घंटे के लिए किया सील संक्रमित कर्मचारियों में से ज्यादातर पंजाब और हरियाणा के हैं।

चंडीगढ़ में कोरोना तेजी से बढ़ रहा है। सेक्टर-26 स्थित हार्ड रॉक कैफे के 19 कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची नगर निगम की टीम ने कैफे को तत्काल 48 घंटे के लिए सील कर दिया।

निगम के अधिकारियों का कहना है कि संक्रमित कर्मचारियों में से ज्यादातर पंजाब और हरियाणा के हैं। ऐसे में वहां के स्वास्थ्य विभाग को सूचित कर दिया गया है। निगम की टीम अब अपने जांच अभियान को भी तेज करेगी।

कोरोना के लिए बनाए गए नोडल ऑफिसर अनिल गर्ग ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम टीम का संदेश आया था कि सेक्टर 26 स्थित हार्ड रॉक कैफे के 19 कर्मचारी कोरोना संक्रमित हैं। निगम की क्वारंटीन टीम तत्काल मौके पर पहुंची। इस दौरान कैफे के प्रबंधक को मामले की जानकारी देकर वहां मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया। साथ ही शहर में रहने वाले संक्रमित कर्मचारियों के घरों पर जाकर उन्हें क्वारंटीन किया गया। इसके अलावा पंजाब और हरियाणा के रहने कर्मचारियों के बारे में वहां की स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना दे दी गई है।

error: Content is protected !!