भिवानी/धामु

 प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में एक मार्च को हुए वुमन वीक के शानदार आगाज की तरह ही अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जोरदार ढंग से वुमन वीक का समापन हुआ। पंचायत भवन में एक जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान चंडीगढ़ से प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के संदेश को सीधा प्रसारित कर सुनाया गया।

चंडीगढ़ कार्यक्रम के दौरान ही जिला में वर्ष 2020 के दौरान लिंगानुपात सुधार के लिए बेहतरीन कार्य करने पर उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य को प्रदेश में द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पंचायत भवन में आयोजित हुए कार्यक्रम में एसडीएम महेश कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान अपने क्षेत्र में परचम फहराने वाली व वुमन वीक के दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभिन्न विभागों से महिला अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम महेश कुमार ने कहा कि यह बात सत्य है कि जहां नारी की पूजा होती है, वहीं पर देवता का वास करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी का बहुत बड़ा स्थान है। नवरात्रों में बेटियों के बिना देवी की पूजा पूर्ण व संपन्न नहीं होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नारी ने हर मुकाम हासिल कर लिया है। दुनियां की कोई मंजिल नारी से अछूती नहीं रही है। उन्होंने कहा कि अपने घर-परिवार में बेटियों को भी बेटों की तरह ही मान व सम्मान देना होगा। उन्होंने कहा कि नारी के प्रति संकुचित सोच को त्यागना होगा। उन्होंने कहा कि एक महिला ही है, जो परिवार के साथ-साथ अन्य जिम्मेदारियों को भी बखूबी संभाल रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने देश व दुनिया में अपना नाम रोशन किया है। इस दौरान स्वयं सहायता समूह गांव अलखपुरा से पहुंची सुमित्रा देवी  तथा स्वच्छता अभियान से जुड़ी सविता बरालू ने भी महिलाओं के साथ अपने अनुभव सांझा किए।

error: Content is protected !!