पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले इनेलो सुप्रीमो, ऐलनाबाद में 3 मार्च को होने वाली जनसभा का दिया निमंत्रण

हिसार, 1 मार्च: इनेलो सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी औम प्रकाश चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश की राजनीति में जिस प्रकार के हालत बन रहे हैं, उससे स्पष्ट रूप से यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश की जनता को 2024 के चुनाव का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही गिर जाएगी और प्रदेश में मध्यावधि चुनाव होंगे इसीलिए सभी इनेलो कार्यकर्ता एकजुट होकर रूठों को मनाएं और भटके हुओं को पार्टी से जोडक़र संगठन को मजबूत करने का काम करें।
पूर्व मुख्यमंत्री औमप्रकाश चौटाला सोमवार को सिरसा रोड स्थित ताऊ देवी लाल सदन में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को ऐलनाबाद में तीन मार्च को होने वाली जनसभा के लिए निमंत्रण भी दिया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज जाति-पाति, धर्म और मजहब से ऊपर उठकर 36 बिरादरी के लोग इक_े होकर कृषि आंदोलन के माध्यम से इन तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। इनेलो पार्टी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा कि हमारा तो एक ही लक्ष्य है कि चौधरी देवी लाल के सपनों को साकार करें। उन्होंने कहा कि इनेलो रूपी पौधा चौधरी देवी लाल का ही लगाया हुआ है जिसे कार्यकर्ताओं ने अपने खून से सींचा है। मगर बदकिस्मती ये रही की आपकी मेहनत का जब फल मिलना शुरू हुआ तो कुछ लुटेरे उस फल को लूट ले गए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज किसानों का आंदोलन जन-आंदोलन बन चुका है और जन आंदोलन को कभी भी दबाया नहीं जा सकता है। जो सरकार जनता की आवाज को अनसुना कर देती है, जनता भी उस सरकार को सत्ता से बाहर कर देती है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी देवी लाल ने ही बुजुर्गों के सम्मान के लिए वृद्धावस्था पैंशन शुरू की थी ताकि उसे आर्थिक रूप से किसी पर निर्भर नहीं होना पड़े। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बुजुर्गों को पैंशन बनवाने के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर होना पड़ रहा है, जो बहुत ही निंदनीय है।