राहुल गांधी व केजरीवाल देशद्रोह के लिए लोगों को उकसा रहे: अनिल विज
रमेश गोयत
चंडीगढ़। हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने देश विरोधी टिप्पणी करने वालों को आड़े लेते हुए उन पर ट्विटर से हमला बोला है। अनिल विज ने ट्वीट करते हुए कहा कि देशद्रोह का बीज जिसके भी दिमाग मे हो उसका समूल नाश किया जाना चाहिए, चाहे वो दिशा रवि हो या कोई और।
अनिल विज ने कहा कि मैं ये नहीं कहता कि सरकार की नीतियों का विरोध करना अपराध है। प्रजातंत्र है और किसी भी मुद्दे पर कोई भी विरोध कर सकता है। लेकिन विरोध करने के लिए विदेशी शक्तियों के साथ सांठगांठ करना देशद्रोह की श्रेणी में आता है।
अनिल विज ने कहा कि अगर हम इस पर तुरंत रोक नहीं लगाएंगे और कार्यवाही नहीं करेंगे तो ये एक छुआछूत की बीमारी की तरह फैलती जाती है। ये देश के लिए हितकारी नहीं है। इसलिए इनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करनी चाहिए और जो लोग ऐसे लोगों का समर्थन करते हैं राष्टÑ को ऐसे लोगों को भी पहचानना चाहिए फिर चाहे वो प्रियंका गांधी हो, राहुल गांधी हो या केजरीवाल हो ये देशद्रोह के लिए लोगों को उकसा रहे हैं। अनिल विज ने कहा कि इनका मकसद क्या है ये भी पहचानना चाहिए और ऐसे लोगों की भरपूर निंदा, तिरस्कार देश मे करना चाहिए।