जिला प्रशासन, नगर निगम, एचएसवीसी और पुलिस मिलकर चलाएंगे बड़ा अभियान
ज्ञान चंद गुप्ता ने डीसी, मेयर संग बनाई योजना
अफसरों को चेतावनी : ठीक परिणाम नहीं आने पर होगी कार्रवाई

रमेश गोयत

पंचकूला, 8 जनवरी।पंचकूला शहर को अतिक्रमण मुक्त करने और सड़कों से लावारिस पशुओं को हटाने के लिए विशेष अभियान चलने वाला है। यह अभियान जिला प्रशासन के नेतृत्व में नगर निगम, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और जिला पुलिस संयुक्त रूप से चलाएगी। अभियान की पूरी योजना बनाने के लिए हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने शुक्रवार को जिला उपायुक्त मुकेश कुमार आहुजा और नवनिर्वाचित मेयर कुलभूषण गोयल की उपस्थिति में उपरोक्त विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में ज्ञान चंद गुप्ता ने अफसरों को चेतावनी दी कि अतिक्रमण होने पर संबंधित इलाके का चौंकी इंचार्ज और जेई संयुक्त रूप से जिम्मेदार होंगे।

हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि आने वाले दिनों में पंचकूला की सड़कों पर एक भी लावारिस पशु दिखाई नहीं देना चाहिए। इसके साथ ही शहर को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त करना होगा। उन्होंने कहा कि पंचकूला शहर प्रदेश की राजधानी चंडीगढ़ से सटा शहर है। यहां अनेक विभागों के मुख्यालय भी स्थित है। यहां बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है। पंचकूला को लेकर न सिर्फ हरियाणा अपितु देशभर में अच्छी छवि है। प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग इस छवि को और भी निखारा जाएगा।

बैठक के दौरान शहर से अतिक्रमण हटाने की पूरी योजना बनाई गई। पहले चरण में एमडीसी और शहर के दूसरे हिस्सों में बनी झुग्गियों को हटाया जाएगा। इसके साथ ही अस्थायी अतिक्रमण पर भी शिकंजा कसा जाएगा। नगर निगम और पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि शहर में अनाधिकृत स्थानों से रेहड़ी फड़ी हटाई जाए। इसके लिए नगर निगम व्यापक अभियान चलाएगा और सब्जी और फल विक्रेताओं के लिए पक्के वेंडिंग जॉन उपलब्ध करवाएगा। इसके लिए सेक्टर 19 में वेंडिंग जॉन बन कर तैयार हो चुका है। सेक्टर 15 और दूसरे सेक्टरों में भी इसके लिए स्थान निर्धारित कर लिए गए हैं। इसके साथ ही शहर की मुख्य सड़कों पर रेहड़ी फड़ी लगाने वालों को भी हटाया जाएगा।

शहर में विचरण करने वाले लावारिस और पालतु पशुओं को सख्ती से हटाने के निर्देश दिए गए हैं। ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि सड़कों पर घूम रहे पशु जहां अनेक प्रकार के हादसों को न्योता दे रहे हैं, वहीं अनेक प्रकार के संक्रमण का खतरा भी रहता है। उन्होंने कहा कि जो लोग अवैध रूप से दूध की डेयरी चलाते हैं और अपने पशुओं को सड़कों पर छोड़ देते हैं, उनके खिलाफ केस दर्ज होंगे तथा उनके पशुओं को पकड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर में बड़ी संख्या में लावारिस कुत्ते घूम रहे हैं, जिनसे संक्रमण का खतरा भी बना रहता है। इस सभी कुत्तों को पकड़ने की योजना प्रशासन ने तैयार कर ली है।

बैठक में एचएसवीपी के प्रशासक महावीर कौशिक, नगर निगम आयुक्त आरके सिंह, कार्यकारी अधिकारी अनिल के दून, पुलिस विभाग से डीसीपी मोहित हांडा, एसीपी नुपुर बिश्नोई, एसीपी राजकुमार कौशिक, एसीपी विजय कुमार समेत अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!