-डिपो कमेटी के आंदोलन का समर्थन किया, केन्द्र व प्रदेश सरकार पर कोरोना की आड़ में निजीकरण को बढ़ावा देने का आरोप -सभी संगठनों से एक मंच पर आकर संघर्ष करने की अपील की नेताओं ने.

हिसार। ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के राज्य प्रधान विनोद शर्मा व महासचिव सुखविन्द्र सिंह के नेतृत्व में राज्य स्तरीय कमेटी जनजागरण अभियान के तहत प्रदेशभर का दौरा करते हुए सोमवार को हिसार डिपो में पहुंची। हिसार पहुंचने पर कर्मचारियों ने यूनियन के नवनिर्वाचित राज्य प्रधान विनोद शर्मा, महासचिव सुखविन्द्र सिंह, वरिष्ठ उप प्रधान माया राम, उनिपाल, कोषाध्यक्ष मनिन्द्र सिंह, उप महासचिव ज्ञानसिंह, संगठन सचिव जरनैल सिंह व अरूण शर्मा तथा प्रेस सचिव शंकरलाल का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया।

 इस अवसर पर राज्य प्रधान विनोद शर्मा ने डिपो तालमेल कमेटी के बैनर तले कर्मचारियों की मांगों को लेकर चल रही भूख हड़ताल का समर्थन करते हुए डिपो महाप्रबंधक से अपील की कि वे कर्मचारियों की जायज मांगों का तुरंत समाधान करें अन्यथा यह आंदोलन डिपो स्तर का न रहकर राज्यस्तरीय आंदोलन का केन्द्र बिन्दु बन जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कोरोना महामारी की आड़ में केन्द्र व राज्य सरकारों द्वारा जनविरोधी नीतियों को तेजी से लागू किया जा रहा है।

बड़े पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए सार्वजनिक क्षेत्रों का निजीकरण किया जा रहा है तथा श्रम कानूनों में बदलाव के नाम पर ट्रेड यूनियन अधिकारों को समाप्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन नीतियों का असर रोडवेज विभाग पर भी पड़ रहा है। राज्य सरकार द्वारा रोडवेज कर्मचारियों की मानी हुई मांगों को लागू नहीं किया जा रहा, पुरानी बसें कंडम हो रही है, नई बसें खरीदी नहीं जा रही तथा किलोमीटर स्कीम एवं स्टेज केरीज के नाम पर विभाग का निजीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोडवेज को बचाने के लिए एक बार फिर सभी संगठनों को एक मंच पर आकर आंदोलन शुरू करने का समय आ गया है। ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन हमेशा एकता की पक्षधर रही है और रहेगी। 

इस अवसर पर हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान दलबीर किरमारा, ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के डिपो प्रधान हरिप्रकाश, सतपाल डाबला, जोगेन्द्र सिंह बड़सी, महेन्द्र माटा, सतीश गुरी, मेहरचंद शर्मा, रामचन्द्र, सुरेन्द्र भाटिया, कपिल देव, जितेन्द्र शर्मा, नरेश कुमार, सुशील कुमार, सुखबीर सोनी व सुभाष चन्द्र सहित अनेक पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने नई राज्य कमेटी का स्वागत किया।

error: Content is protected !!