गुहला चीका को प्रदेश सरकार का दोहरा तोहफा

– आधुनिक सुविधा वाले स्टेडियम की मंजूरी के साथ-साथ मिली चेयरमैनी . – विधायक ईश्वर सिंह ने सीएम-डिप्टी सीएम का जताया आभार

कैथल/चंडीगढ़, 15 अक्टूबर। वीरवार का दिन गुहला चीका विधानसभा क्षेत्र के लिए काफी अहम रहा है। हरियाणा सरकार की तरफ से क्षेत्र वासियों को दोहरा तोहफा मिला। जहां एक तरफ प्रदेश सरकार ने गुहला चीका में आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेडियम बनाने की मंजूरी दी तो वहीं गुहला के विधायक ईश्वर सिंह के बेटे रणधीर सिंह को हरियाणा डेयरी विकास संघ का चेयरमैन नियुक्त किया। हलके के विधायक ईश्वर सिंह ने दोनों तोहफों के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का विशेष रूप से आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि इससे गुहला चीका विकास के पथ पर और तेजी से अग्रसर होगा।

विधायक ईश्वर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने क्षेत्रवासियों के सपने को साकार करते हुए नौ करोड़ रूपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेडियम बनाने की मंजूरी दी है जो कि गुहला चीका के लिए एक बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि जहां पहले खेलने के लिए खिलाड़ियों को सीमावर्ती पंजाब के पटियाला या हरियाणा के अन्य जिलों में जाना पड़ता था लेकिन अब जल्द ही अपने क्षेत्र में इस स्टेडियम के निर्माण होने से यहां ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी खेल की अच्छे से तैयारी कर सकेंगे और अपने प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। साथ ही उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा उनके बेटे रणधीर सिंह को हरियाणा डेयरी विकास संघ का चेयरमैन नियुक्त करने पर मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।

उन्होंने क्षेत्र वासियों को विश्वास जताते हुए कहा कि गुहला चीका में विकास कार्यों को तेजी से करवाने के लिए वह निरंतर प्रयासरत है और इसमें हरियाणा सरकार पूरा सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र से जुड़ी अन्य मांगों को भी इसी तरह पूरा करवाया जाएगा और गुहला चीका को खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि क्षेत्रों में बेहतर बनाया जाएगा।

You May Have Missed

error: Content is protected !!