पंचकूला 12 अक्टूबर- जिला में पंचायतों के संपूर्ण रिकॉर्ड को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने की दिशा में एक कदम और बढ़ाते हुए ग्राम दर्शन पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल पर पंचकूला की ग्राम पंचायतों का संपूर्ण डाटा उपलब्ध होगा। ग्राम दर्शन पोर्टल के साथ अब जिला के प्रत्येक गांव की पूर्ण हो चुकी विकास परियोजनाओं की जानकारी भी डिजिटल रूप से उपलब्ध होगी। साथ ही, ग्राम पंचायत में करवाए जाने वाले आवश्यक कार्यों की सूची भी इस पोर्टल पर उपलब्ध होगी। कोई भी व्यक्ति ग्राम पंचायतों की जानकारी आसानी से ले सकेगा।

उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि यह हरियाणा सरकार का विजन है कि हरियाणा के प्रत्येक गाँव की अपनी वेबसाइट होनी चाहिए ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ग्रामीणों विशेषकर युवाओं को उनके गाँव में करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों, परियोजनाओं और योजनाओं की जानकारी हासिल हो सकेगी। इससे ग्रामीण अपनी आवश्यकताओं के अनुसार मांगों को भी सरकार के समक्ष रख सकते हैं। इसलिए इसी सोच के साथ ग्राम दर्शन की कल्पना की गई।

उपायुक्त ने बताया कि ग्राम दर्शन का मुख्य विजन ग्राम पंचायतों की वेबसाइटों के माध्यम से सभी सरकारी सेवाओं को आम नागरिकों के लिए सुलभ बनाना है और उनकी मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए ऐसी सभी सेवाओं की दक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना है।

error: Content is protected !!