सांसद धर्मबीर की अगुवाई में किसान कानूनों के पक्ष में भिवानी में निकाली किसान विकास यात्रा

भिवानी, 9 अक्तूबर। संसद में पारित किसान अध्यादेशों के समर्थन में भाजपा कार्यकत्र्ताओं ने यहां हूडा पार्क के बाहर बड़ी संख्या में एकत्रित होकर किसान विकास यात्रा निकाली, जिसमें सैंकड़ों की संख्या में जिले भर के विभिन्न गांवों से किसान अपने ट्रैक्टर लेकर पहुंचे हुए थे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के जिला अध्यक्ष शंकर धूपड़ एडवोकेट ने की। यात्रा के संयोजक के तौर पर पहुंचे भिवानी-महेंद्रगढ़ से सांसद धर्मवीर सिंह ने खुद ट्रैक्टर पर सवार होकर इस किसान विकास यात्रा को रवाना किया।

इस मौके पर सांसद धर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा, राज्यसभा व देश के लोगों के बीच न्यूनतम समर्थन मूल्य जारी रहने की बात कह चुके हैं। ऐसे में किसानों का भ्रम न्यूनतम समर्थन मूल्य को लेकर अब दूर हो जाना चाहिए।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा के विधायक विशंबर वाल्मिकी, पूर्व जिला अध्यक्ष ताराचंद अग्रवाल शामिल रहे। धर्मबीर सिंह ने कहा कि भारत सरकार 23 विभिन्न फसलों पर हर वर्ष न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित करती हैं। इस
वर्ष भी नए किसान कानून बनने के बाद न्यूनतम समर्थन मूल्य पिछले वर्षो की तुलना में बढाकर किसानों की फसल मंडियों के माध्यम से खरीदी जा रही हैं।

नए कानून बनने के बाद अब देश के किसानों को यह छूट मिल गई है कि वे अपनी फसल मंडी या उसके बाहर अपनी इच्छा से भेज सकते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का किसानों को लेकर यह उद्देश्य है कि उनकी आमदनी को दोगुना किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मंडियां पहले की तर्ज पर चालू रहेंगी तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य न केवल चालू रहेगा, बल्कि समय-समय पर
बढ़ता भी रहेगा। तीनों अध्यादेशों से प्रदेश का किसान और अधिक खुशहाल व उन्नत होगा। किसान अपनी मर्जी से अपनी फसल बेच सकेगा। किसान पर किसी प्रकार की कोई पाबंदी नहीं होगी। अध्यादेशों में किसानों को अपनी फसल बिक्री के लिए छूट दी गई है और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) खत्म नहीं होगा व अनुबंध खेती में ई- रजिस्ट्री में सारा लेखा-जोखा होगा। इसके
अलावा किसानों को नवीनतम खेती की जानकारी मिल सकेगी। देश के किसानों के लिए उत्पाद बेचने को अन्य विकल्पों का प्रावधान किया है, जो वास्तव में किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने का काम करेगा। पूंजीपति किसान का शोषण करता था,इन विधेयकों से किसानों को उस शोषण से मुक्ति मिलेगी।

विधेयक लागू होने के बाद किसान की किस्मत बदलने वाली है। सांसद ने कहा कि आज देश के किसान नए कानूनों को समझने लगे हैं। उन्होंने कृषि अध्यादेशों के कानून बनाने के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा कि कांगे्रस अपना जनाधार खो चुकी है। इसलिए किसानों को इस अध्यादेश के बहाने बरगलाने का प्रयास कर रही है। लेकिन देश व प्रदेश के जागरूक किसान कांग्रेस पार्टी के बहकावे में आने वाले नहीं हैं। इस यात्रा में पूर्व विधायक शशिरंजन परमार, वीरेंद्र कौशिक, संदीप श्योराण,
मीना परमार, हर्षवधन मान, राजेश सांकरोडिय़ा, रविंद्र बापोडिय़ा, बिशम्बर अरोड़ा, रामकिशन शर्मा, टोनी बराला, बलवान सिंह, विनोद चावला, सुभाष तंवर, पार्षद मुकेश रहेजा,अजय हलवासिया, अशोक दुल्हेड़ी, जोगेंद्र गुज्जर, प्रदीप तंवर,कमल फौजी, विनोद स्वामी, विक्की महता, नरेश मोखरवाल, रमेश पचेरवाल, रामग्रेवाल, नवीन पूनिया, संजय बराला, मीडिया प्रभारी सोनू सैनी व भाजपा,धर्मेंद्र जिंदल, अजय गोविंदपुर,राजकुमार सैनी,कृष्ण नमरदार,सोनू गूजर, कमलकिशोर बंदू व भाजपा के सभी पदाधिकारी व कार्यकत्र्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!