चंडीगढ़, 28 सितम्बर 2020हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने तीनों कृषि विधेयकों के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन पर बोलते हुए कहा कि कुछ लोग  पूरे मामले में  बार-बार झूठ बोल रहे है। पहले   झूठ बोलते थे कि इन कानूनों के लागू हो जाने के बाद फसलों की सरकारी खरीद नहीं होगी, लेकिन सरकार ने खरीद शुरू कर दी । इसके बाद उन्होंने कहा कि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिलेगा। लेकिन सरकार ने अगले सीजन के न्यूनतम समर्थन मूल्य की भी घोषणा कर दी और उनका झूठ सामने आ गया l  उन्होंने कहा कि नए तीन कृषि कानून कुछ प्रगतिशील किसानों के लिए हैं, जो खुले बाजार में अपनी फसले बेचना चाहते हैं।

पंजाब में कांग्रेस सरकार की तरफ से विरोध प्रदर्शन पर धनखड़ ने कहा कि केंद्र सरकार  पंजाब में धान की खरीद के लिए 22000 करोड रुपए  देगी जिसमें से पंजाब सरकार को 1320 करोड रुपए का राजस्व मिलेगा और  आढ़तियों में साढ़े पांच सौ करोड रुपए मिलेंगे। इसके बावजूद भी कांग्रेस नेता प्रदर्शन में लगे हैं। बेहतर होता कि वह प्रदर्शन की बजाए  पंजाब की मंडियों में किसानों की फसलों की सही तरीके से खरीद करवाते।

सोशल मीडिया पर डीएपी खाद की बढ़ी कीमतों को भी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धनखड़   ने झूठा करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जानबूझकर इस तरह की अफवाह फैला रही है। जबकि हकीकत में सरकार ने डीएपी खाद के रेट में बढ़ोतरी की ही  नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कभी भी किसानों के हित में काम नहीं किया।

स्वामीनाथन आयोग कांग्रेस ने बनाया, लेकिन सिफारिशें लागू नहीं की। इसके बाद हरियाणा कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में  एक कृषि समिति गठित की लेकिन उसकी सिफारिशें भी लागू नहीं की। लेकिन सत्ता में आते ही भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किसानों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई।  फसल बीमा योजना, किसानों के बैंक खातों में सीधे 6 हजार रुपए  देने समेत कई अन्य योजनाओं से हरियाणा में अब तक करोड़ों रुपए का लाभ किसानों को मिल चुका है । 

दिल्ली के इंडिया गेट पर आज सुबह कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तरफ से ट्रैक्टर जलाकर तीन कृषि कानूनों का विरोध को उन्होंने एक नौटंकी बताते हुए धनखड़ ने कहा कि कुछ कांग्रेसी इकट्ठे होकर इंडिया गेट पर पहुंच जाते हैं और नौटंकी करते हैं। इससे साफ होता है कि कांग्रेस के पास आज सच्चे और सही मुद्दे नहीं बचे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और बीजेपी, जेजेपी गठबंधन के कार्यकर्ता  जल्द ही तीन कृषि कानूनों के पक्ष में विपक्ष की पोल खोलने का काम करेंगे। भाजपा कार्यकर्त्ता किसान के खेत से घर तक जाकर सच्चाई बताएगा l

error: Content is protected !!