हरियाणा रोड़वेज में नौकरी से हटाएं गए ठेका कर्मचारियों की नौकरी बहाली की मांग

ठेका प्रथा व आउटसोर्सिंग पोलिसी बंद कर स्थाई भर्ती करें सरकार : यूनियन

चण्डीगढ, 6 अगस्त। हरियाणा रोड़वेज वर्कर्स यूनियन ने पानीपत में नौकरी से निकाले गए ठेके पर भर्ती कर्मचारियों की नौकरी बहाली व ठेके पर भर्ती 365 चालकों को पक्का करने की मांग की। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया परिवहन मंत्री से बार-बार हुई बातचीत मे 2016 में लगे 365 चालकों को पक्का करने का वायदा उच्च अधिकारियों ने रद्दी की टोकरी में डाला।

सर्व कर्मचारी संघ से सम्बन्धित यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष इन्द्र सिंह बधाना, महासचिव सरबत सिंह पूनिया, वरिष्ठ उप प्रधान नरेन्द्र दिनोद, कोषाध्यक्ष राजपाल, उप महासचिव बलबीर जाखड़ व प्रेस प्रवक्ता श्रवण कुमार जांगड़ा ने सयुंक्त ब्यान में बताया सरकार व उच्च अधिकारी एवं विभाग में कार्यरत ठेकेदार आए दिन अलग अलग डिपूओं में ठेके पर भर्ती कर्मचारियों का जमकर शोषण कर रहें हैं। प्रान्तीय नेताओं ने हाल ही में पानीपत डिपो में ठेके पर भर्ती 10 सफाई कर्मचारियों, चौंकीदार व सिक्योरिटी गार्ड को नौकरी से हटाने की घोर निंदा करते हुए तुरन्त नौकरी बहाली की मांग की। उन्होंने कहा अधिकारियों व ठेकेदारों की मिलीभगत से आए दिन ठेके पर भर्ती कर्मचारियों के मुंह का निवाला छिनकर उनका व उनके परिवारों का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है।

उन्होंने जोर देकर कहा ज्यादातर डिपूओं में ठेके पर भर्ती कर्मचारियों का PF व ESI कार्ड उपलब्ध नहीं करवाया गया, जिस कारण कर्मचारियों के वेतन से पी एफ का पैसा काट ठेकेदार अपनी जेब में डाल कर कर्मचारियों का जमकर शोषण कर रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों को वेतन पुरा व समय पर नहीं देने का आरोप लगाते हुए कहा विभाग में सरकार की नाक के नीचे ठेकेदारों ने लुट मचा रखी है।

यूनियन नेताओं ने कहा सरकार व विभाग के उच्च अधिकारियों द्वारा आंख बंद करने से ठेकेदार बड़ा गोलमाल कर रहे हैं, जिस कारण ठेके पर भर्ती कर्मचारियों व उनके परिवारों का जीना दूभर हो गया है। उन्होंने ठेका प्रथा व आउटसोर्सिंग पोलिसी पर पूर्ण रोक लगाने व पानीपत डिपो में नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों को तुरन्त ड्यूटी पर बहाल करने, ठेके पर भर्ती 365 चालकों सहित सफाई र्मचारियों,सिक्योरिटी गार्ड, चौंकीदारो व अन्य कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने व भविष्य में स्थाई भर्ती करने, कर्मचारियों को PF व ESI कार्ड उपलब्ध करवाने, वेतन समय पर व पूरा देने की पुरजोर मांग की। प्रान्तीय नेताओं ने बताया वर्षों से लम्बित मांगों को लागू करने व महानिदेशक के भेदभाव पूर्ण रवैये के खिलाफ 14 अगस्त को सभी डिपूओं में प्रदर्शन किया जाएगा।

You May Have Missed

error: Content is protected !!