राहुल, प्रियंका मजदूरों पर झूठी सहानुभूति दिखा कर रहे ड्रामा

चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज ने मजदूरों के निरन्तर पलायन को लेकर ट्वीट करते हुए कांग्रेस के नीतियों पर प्रश्नचिन्ह लगाया है। विज ने अपने ट्वीट कर कहा कि मजदूरों के पलायन पर बहुत चर्चा हो चुकी परन्तु असली प्रश्न यह है कि 72 साल की आजादी के बाद भी मजदूर मजदूर ही क्यों है। उसके पास खाने के लिये रोटी क्यों नही। मजदूर के पास पैर में डालने के लिए चप्पल क्यों नहीं है। अनिल विज ने कहा कि इस 72 साल में से 50 साल तो कांग्रेस का ही राज रहा है। फिर राहुल गांधी, प्रियंका वाडरा मजदूरों पर झूठी सहानुभूति दिखा कर ड्रामा क्यों कर रहे।

राहुल गांधी द्वारा मजदूरों से बातचीत की वीडियो जारी करने को लेकर गृहमंत्री अनिल विज ने राहुल और पूरी कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बहाने राहुल गांधी कुम्भकर्णी नींद से जागे तो सही।

अनिल विज ने कहा कि कोरोना से देश को लड़ते दो महीने हो गए और दो महीनों में इन्होंने कोई चिंता नहीं की। दूसरे प्रदेशों को तो छोड़ दो, जिन प्रदेशों में इनका राज है वहां मजदूर तड़पते फिर रहे लेकिन आज तक इन्होंने मजदूरों की सुध तक नहीं ली। विज ने कहा कि हमको तो लग रहा था कि वहां ये मजदूरों का दुख दर्द जानने के लिए गए हैं। लेकिन आज जब इन्होंने एक वीडियो जारी की तो पता चला कि ये तो अपने प्रचार के लिए डॉक्यूमेंट्री बनाने के लिए गए थे। विज ने कहा कि डॉक्यूमेंट्री बना कर आज कांग्रेस का प्रचार किया जा रहा है।

अनिल विज ने कहा कि अभी तक तो ये भी स्पष्ट नहीं हुआ है कि जिनसे इन्होंने बात की वो वाकई में मजदूर हैं। वो मजदूर थे या इनके द्वारा बिठाए गए कलाकार थे। विज ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि ये शूटिंग करने के लिए ये सारा ड्रामा रचा गया है और डॉक्यूमेंट्री में मजदूर वही बोलेंगे जो उन्हें स्क्रिप्ट में बताया जाता है।

error: Content is protected !!