गर्भनाल के रक्त में भी मिले रसायन, संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट ने मस्तिष्क के विकास और प्रजनन स्वास्थ्य पर लंबे असर की आशंका जताई
पुनीत उपाध्याय

रोजमर्रा की कुछ वस्तुओं में इस्तेमाल होने वाले रसायनों से शिशु का संपर्क जन्म से पहले ही शुरू हो सकता है। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम और विश्व स्वास्थ्य संगठन की साझा रिपोर्ट के अनुसार, शरीर के हार्मोन के काम में बाधा डालने वाले कुछ रसायन माँ के रक्त, स्तन के दूध और गर्भनाल के रक्त में पाए गए हैं। गर्भावस्था में इनके संपर्क से शिशु के मस्तिष्क के विकास, शारीरिक वृद्धि और आगे चलकर प्रजनन स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है।
दोनों संगठनों ने 17 नवंबर को जिनेवा में रसायनों के प्रबंधन पर आयोजित पहले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान यह रिपोर्ट जारी की। रिपोर्ट के अनुसार, गर्भावस्था और शुरुआती बचपन में शरीर के अंगों का विकास हार्मोन से मिलने वाले संकेतों पर निर्भर करता है। इस दौरान इन संकेतों में आने वाली गड़बड़ी का असर लंबे समय तक रह सकता है। जन्म के बाद भी बच्चे विशेष रूप से संवेदनशील होते हैं। अपने वजन के अनुपात में वे वयस्कों से अधिक भोजन और पानी लेते हैं और साँस के साथ अधिक हवा उनके शरीर में जाती है।
कम जन्म-वजन का अनुमान एक खास रसायन से जुड़ा
रिपोर्ट में 70 देशों के आँकड़ों पर आधारित एक अध्ययन का उल्लेख है। शोधकर्ताओं ने अनुमान लगाया कि अध्ययन में शामिल दो दशकों के दौरान पेरफ्लुओरोऑक्टेनोइक अम्ल के संपर्क की भूमिका हर साल औसतन करीब चार लाख 62 हजार शिशुओं के कम वजन के साथ जन्म में रही होगी। अनुमानित मामलों का सबसे बड़ा हिस्सा एशिया में था। इस अनुमान में अनिश्चितता भी थी। अध्ययन के अनुसार यह संख्या करीब 57 हजार से साढ़े आठ लाख सालाना के बीच हो सकती है।
घरों और कारखानों से जलस्रोतों तक
रिपोर्ट में नॉनिलफेनॉल एथॉक्सिलेट का उदाहरण दिया गया है। इसका इस्तेमाल कपड़े धोने के उत्पादों, कपड़ा प्रसंस्करण, पेंट, कागज और कीटनाशकों के निर्माण में होता है। अपशिष्ट जल के शोधन के दौरान इसके टूटने से नॉनिलफेनॉल बन सकता है। शोधित पानी के साथ यह नदियों और दूसरे जलस्रोतों तक पहुँच सकता है। दूषित भोजन और पानी के जरिए मनुष्य इसके संपर्क में आ सकता है। अध्ययनों में इसके अपरा को पार कर गर्भस्थ शिशु तक पहुँचने के प्रमाण भी मिले हैं।
इसी तरह, व्यक्तिगत साफ-सफाई के कुछ उत्पादों में इस्तेमाल होने वाला जीवाणुरोधी रसायन ट्राइक्लोसन धुलाई के बाद पानी के साथ बह जाता है। अपशिष्ट जल के शोधन के बाद भी इसका एक हिस्सा नदियों तक पहुँच सकता है।
संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम के उद्योग एवं अर्थव्यवस्था प्रभाग की निदेशक शीला अग्रवाल-खान ने जोखिम घटाने में निर्माताओं की जिम्मेदारी पर जोर दिया। उनके अनुसार, कंपनियाँ अपने उत्पादों में इस्तेमाल होने वाले रसायनों की पहचान करें, उनकी जानकारी सार्वजनिक करें और जहाँ खतरा सामने आए, वहाँ सुरक्षित विकल्प अपनाएँ। समय रहते ये कदम उठाने से कंपनियाँ भावी नियमों के लिए भी तैयार रह सकेंगी।









