अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क में अवैध मलबा डंपिंग पर एमसीजी सख्त, रास्तों को सील करने के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका ने पुलिस विभाग और स्थानीय निवासियों के साथ किया मौके का निरीक्षण, मोबाइल प्लांट से होगा पुराने मलबे का निस्तारण

गुरुग्राम, 20 नवंबर। अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क की प्राकृतिक सुंदरता, पर्यावरणीय संतुलन और स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम ने यहां मलबे की समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका ने पुलिस विभाग के अधिकारियों तथा स्थानीय निवासियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अवैध रूप से मलबा डंपिंग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले रास्तों की पहचान कर उन्हें सील करने तथा इस गतिविधि में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त निगमायुक्त ने क्षेत्र की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने। उन्होंने स्पष्ट किया कि अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क जैसे महत्वपूर्ण प्राकृतिक क्षेत्र में अवैध रूप से मलबा डालने की गतिविधियों को रोकना आवश्यक है। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए निगरानी और कार्रवाई को प्रभावी बनाया जाएगा।

पुराने मलबे का मोबाइल प्लांट से होगा निस्तारण

अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका ने स्थानीय नागरिकों को आश्वस्त किया कि पार्क क्षेत्र में पहले से जमा मलबे के निस्तारण के लिए मोबाइल प्लांट का उपयोग किया जाएगा। इसके माध्यम से पुराने मलबे का व्यवस्थित तरीके से निस्तारण करने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि क्षेत्र को साफ करने में मदद मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मलबा डंपिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले अवैध रास्तों को चिन्हित कर सील किया जाए। साथ ही, दोबारा मलबा डालने की घटनाओं को रोकने के लिए नियमित निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस विभाग और स्थानीय निवासियों के सहयोग से होगी निगरानी

निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग और स्थानीय निवासियों की सहभागिता को भी महत्वपूर्ण माना गया। अवैध डंपिंग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विभागीय समन्वय के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर निगरानी मजबूत करने पर जोर दिया गया। स्थानीय नागरिकों से भी अपील की गई कि वे क्षेत्र में मलबा डंपिंग की गतिविधियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं और पार्क को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।

नगर निगम गुरुग्राम का यह प्रयास अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क को अवैध मलबा डंपिंग से मुक्त करने, पहले से जमा मलबे का उचित निस्तारण करने और भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें