विमुक्त घुमंतु एवं टपरीवास समुदायों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें अधिकारी : जसमेर सिंह बंजारा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा विमुक्त घुमंतु जाति विकास बोर्ड के अध्यक्ष ने विकास सदन में अधिकारियों के साथ की बैठक, वर्ग के कल्याण एवं उत्थान पर हुई चर्चा

बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और रिपोर्ट बोर्ड को भेजने के दिए निर्देश

गुरुग्राम, 20 नवंबर। हरियाणा विमुक्त घुमंतु जाति विकास बोर्ड के अध्यक्ष जसमेर सिंह बंजारा ने आज विकास सदन, गुरुग्राम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विमुक्त घुमंतु एवं टपरीवास समुदायों के कल्याण और उत्थान से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन समुदायों के पात्र लोगों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाना सुनिश्चित करें।

एडीसी सोनू भट्ट, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुमित कुमार, एसीपी कपिल अहलावत व जिला समाज कल्याण अधिकारी सरफराज खान ने अध्यक्ष का जिला में आगमन पर स्वागत किया।

जसमेर सिंह बंजारा ने कहा कि विमुक्त घुमंतु एवं टपरीवास समुदायों को सम्मानजनक जीवन, सामाजिक पहचान, सरकारी योजनाओं का लाभ तथा समाज की मुख्यधारा में उचित स्थान दिलाना हरियाणा सरकार की प्राथमिकता है। इन समुदायों के अंतर्गत 35 जातियां आती हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इन वर्गों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए प्रभावी कदम उठाएं।

उन्होंने कहा कि इन समुदायों के लोगों के श्रमिक कार्ड बनवाने के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, निर्वाचन विभाग, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम तथा शहरी स्थानीय निकाय विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र परिवारों तक पहुंचाया जाए। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं की जानकारी इन समुदायों के लोगों को मिले और पात्र लाभार्थियों को लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसी तरह बंधुआ और बाल मजदूरी को रोकने के लिए बोर्ड गंभीरता से कार्य कर रहा है।

बैठक के दौरान अध्यक्ष ने कुछ विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कड़ा संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा उनकी रिपोर्ट हरियाणा विमुक्त घुमंतु जाति विकास बोर्ड को भिजवाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी नेहा दहिया, स्वास्थ्य विभाग से डा. विकास स्वामी, एएफसओ सुनील कुमार, डीएम सीएससी विकास पुनिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें