कांग्रेस में युवाओं को आगे बढ़ाने का कदम हैं सचिवों की नियुक्तियां — विद्रोही

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा से जुड़े पांच नेताओं की नियुक्ति का स्वागत, हांसी के योगेन्द्र योगी और रोहतक के मनोज बागड़ी को जिम्मेदारी मिलने पर विशेष खुशी जताई

रेवाड़ी, 20 नवंबर। स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त सचिवों को बधाई दी है। उन्होंने हरियाणा से जुड़े विनित पूनिया, प्रदीप नरवाल, सुभाषणी यादव, योगेन्द्र योगी और मनोज बागड़ी की नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि इससे युवा पीढ़ी को पार्टी संगठन में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

विद्रोही ने हांसी के योगेन्द्र योगी और रोहतक के मनोज बागड़ी का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अति पिछड़े वर्ग से आने वाले योगी और अति दलित वर्ग से आने वाले बागड़ी साधारण परिवारों के जमीनी कार्यकर्ता हैं। दोनों को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी मिलने से वंचित वर्गों के युवाओं में भी यह भरोसा जगेगा कि वे कांग्रेस से जुड़कर आगे बढ़ सकते हैं। उनके अनुसार, इन नियुक्तियों के जरिए राहुल गांधी ने प्रतिबद्ध कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का अपना वचन निभाया है।

विद्रोही ने कहा कि हरियाणा से जुड़े पांचों सचिव किसान और मजदूर परिवारों के अलग-अलग वर्गों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त सचिव राष्ट्रीय दायित्व निभाने के साथ हरियाणा में भी सक्रिय रहेंगे, अपने-अपने समाज के लोगों को संगठन से जोड़ेंगे और मिलकर सामाजिक सद्भाव बढ़ाएंगे।

विद्रोही ने कहा कि ‘जिसकी जितनी संख्या, उतनी भागीदारी’ के सिद्धांत पर लोगों का भरोसा तभी बढ़ेगा जब उन्हें राजनीति, प्रशासन और सत्ता में भी भागीदारी मिलेगी। उनके मुताबिक, साधारण परिवारों के कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाकर कांग्रेस उन मतदाताओं का विश्वास फिर जीत सकती है जो कभी उसके साथ थे और बाद में भाजपा की ओर मुड़ गए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें