: प्राचीन देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना, बच्चों और बुजुर्गों के साथ साझा की दीपावली की खुशियां
: अनाथ एवं वृद्ध आश्रम और बाल श्रमिक पुनर्वास केंद्र पहुंचकर बांटी मिठाइयां और फल
: वरिष्ठ भाजपा नेता एवं लोकतंत्र सेनानी डॉ. मनोहर लाल सुनेजा को शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित
: दीपावली की सार्थकता तभी, जब खुशियों का प्रकाश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे : डॉ. अर्चना गुप्ता

पानीपत। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने दीपावली का पावन पर्व सेवा, संस्कार, समर्पण और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया। उन्होंने धार्मिक एवं सामाजिक संस्थानों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा अनाथ बच्चों, बुजुर्गों और जरूरतमंदों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की।
दीपावली के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने सर्वप्रथम पानीपत के प्राचीन देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और सकारात्मकता बनाए रखने की प्रार्थना की।
इसके उपरांत वे जनसेवा संस्थान रोहतक के अंतर्गत संचालित अनाथ आश्रम एवं वृद्ध आश्रम पहुंचीं। यहां उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों के साथ समय बिताया, उनका हालचाल जाना और मिठाइयां वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी है, जब समाज का हर वर्ग उसमें सहभागी बने और कोई भी व्यक्ति स्वयं को अकेला महसूस न करे।

इसी क्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने एल्डिको स्थित निवास पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं लोकतंत्र सेनानी डॉ. मनोहर लाल सुनेजा से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने डॉ. सुनेजा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया, दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता शिवनगर स्थित बाल श्रमिक पुनर्वास केंद्र पहुंचीं, जहां उन्होंने बच्चों के साथ दीपावली का पर्व मनाया। उन्होंने बच्चों को मिठाइयां एवं फल वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा, सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला महापर्व है। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित, जरूरतमंद, बुजुर्ग और बच्चों के जीवन में खुशियां लाना ही दीपावली की सच्ची सार्थकता है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि खुशियों का यह प्रकाश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर घर-आंगन में खुशहाली का दीप जले।
इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री सुनील कंसल, मंडल अध्यक्ष सचिन सिंगल, बाल कल्याण समिति की सदस्य मीना शर्मा, किरण मलिक, सोमदत्त सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।








