संदीप सृजन

दीपावली भारतीय संस्कृति का ऐसा पर्व है, जो अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का संदेश देता है। यह केवल घरों में दीप जलाने, मिठाइयां बांटने, नए वस्त्र पहनने और बाजारों में खरीदारी करने का अवसर नहीं है, बल्कि अपने भीतर झांकने, जीवन को नई दिशा देने और समाज के लिए कुछ सकारात्मक करने का संकल्प लेने का भी पर्व है। प्रत्येक वर्ष दीपावली आती है, हम घरों की सफाई करते हैं, सजावट करते हैं, दीपक जलाते हैं और खुशियां मनाते हैं, लेकिन क्या हम अपने विचारों, व्यवहार और सामाजिक उत्तरदायित्वों की भी सफाई करते हैं? क्या हम अपने आसपास व्याप्त निराशा, कटुता, ईर्ष्या और संवेदनहीनता के अंधकार को दूर करने का प्रयास करते हैं? वास्तव में दीपावली की सार्थकता इन्हीं प्रश्नों के उत्तर में छिपी है।
पौराणिक मान्यताओं में दीपावली के अनेक प्रसंग मिलते हैं। त्रेतायुग में भगवान श्रीराम चौदह वर्ष का वनवास पूरा कर जब अयोध्या लौटे, तब नगरवासियों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था। यह केवल एक राजा के लौटने का उत्सव नहीं था, बल्कि सत्य, मर्यादा और न्याय की पुनर्स्थापना का उल्लास था। श्रीराम का जीवन हमें बताता है कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, व्यक्ति को अपने मूल्यों और कर्तव्यों से विचलित नहीं होना चाहिए। उनका अयोध्या आगमन इस विश्वास का प्रतीक बना कि अंततः विजय सत्य और सदाचार की ही होती है।
भगवान श्रीकृष्ण द्वारा नरकासुर के वध का प्रसंग भी दीपोत्सव की परंपराओं से जुड़ा है। इस कथा में अत्याचार, अहंकार और अनाचार के अंत का संदेश निहित है। समुद्र मंथन से माता लक्ष्मी के प्राकट्य की मान्यता दीपावली को समृद्धि और शुभता से जोड़ती है। वहीं भगवान गणेश की पूजा हमें विवेक, बुद्धि और मंगलकारी चिंतन का स्मरण कराती है। इन पौराणिक प्रसंगों का मूल भाव केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है। वे मनुष्य को अपने भीतर के अंधकार, अहंकार और नकारात्मकता से संघर्ष करने की प्रेरणा देते हैं।
आज के समय में दीपावली के स्वरूप पर बाजार और उपभोक्तावाद का प्रभाव स्पष्ट दिखाई देता है। घरों की सजावट से लेकर उपहारों तक, हर जगह प्रतिस्पर्धा दिखाई देती है। किसने कितनी महंगी वस्तु खरीदी, किसका घर अधिक आकर्षक सजा और किसने कितनी भव्य आतिशबाजी की, यह उत्सव की चर्चा का हिस्सा बन गया है। जबकि दीपावली का मूल भाव प्रदर्शन नहीं, प्रसन्नता का साझा करना है। त्योहार की खुशी तभी व्यापक होती है, जब उसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी हो। हमारे आसपास ऐसे अनेक परिवार हैं, जिनके लिए दो वक्त की रोटी जुटाना भी चुनौती है। उनके लिए दीपावली का अर्थ महंगी सजावट नहीं, बल्कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और घर में एक समय का अच्छा भोजन हो सकता है।
इस बार क्यों न हम दीपावली को कुछ रचनात्मक और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ें? अपने मोहल्ले में ऐसे परिवारों की पहचान करें, जिन्हें सहायता की आवश्यकता है। किसी जरूरतमंद बच्चे को पुस्तकें और अध्ययन सामग्री भेंट करें। किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की शिक्षा का दायित्व उठाएं। किसी वृद्धाश्रम में जाकर बुजुर्गों के साथ समय बिताएं। अस्पतालों में उपचार करा रहे जरूरतमंद मरीजों के परिजनों की सहायता करें। सफाईकर्मियों, घरेलू सहायकों और श्रमिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करें। यह भी संभव है कि हम अपने किसी पुराने मित्र से वर्षों की नाराजगी समाप्त कर लें या परिवार में चल रहे किसी मनमुटाव को बातचीत से दूर करें। कभी-कभी एक आत्मीय संवाद भी हजारों दीपों से अधिक उजाला कर देता है।
दीपावली स्थानीय कारीगरों और छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहित करने का भी अवसर है। मिट्टी के दीपक बनाने वाले कुम्हार, सजावटी वस्तुएं तैयार करने वाले शिल्पकार, फूल बेचने वाले छोटे विक्रेता और घरेलू उत्पाद बनाने वाली महिलाएं इस पर्व से अपनी आजीविका की आशा जोड़ती हैं। यदि हम बड़ी कंपनियों के चमकदार उत्पादों के स्थान पर स्थानीय कारीगरों के बनाए दीपक, सजावटी वस्तुएं और स्वदेशी उत्पाद खरीदें तो हमारा उत्सव किसी के घर में रोजगार का दीप भी जला सकता है। यह छोटी-सी पहल आत्मनिर्भरता और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकती है।
पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी भी आज दीपावली की बड़ी आवश्यकता है। आतिशबाजी से होने वाला वायु और ध्वनि प्रदूषण बच्चों, बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों और पशु-पक्षियों के लिए परेशानी का कारण बनता है। उत्सव की खुशी किसी दूसरे के लिए कष्ट का कारण नहीं बननी चाहिए। मिट्टी के दीपक जलाना, सीमित और सुरक्षित रोशनी का उपयोग करना, पौधे लगाना तथा स्वच्छता बनाए रखना हमारी उत्सव परंपरा का हिस्सा बन सकता है। हमें यह समझना होगा कि प्रकृति भी हमारी सांस्कृतिक विरासत है और उसकी रक्षा करना हमारा दायित्व है।
एक और महत्वपूर्ण पक्ष है ज्ञान और रचनात्मकता का प्रसार। दीपावली पर हम अपने बच्चों को केवल उपहार देना ही पर्याप्त न समझें, बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति, लोककथाओं, महापुरुषों और प्रेरक प्रसंगों से भी परिचित कराएं। परिवार में पुस्तक पाठ, कविता गोष्ठी, चित्रकला, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा सकता है। समाज की संस्थाएं भी इस अवसर पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला स्वावलंबन और शिक्षा जैसे विषयों पर सकारात्मक अभियान चला सकती हैं। इससे त्योहार केवल एक दिन का आयोजन न रहकर सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बन सकता है।
दरअसल, दीपक का स्वभाव है स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देना। वह अपने प्रकाश पर किसी प्रकार का अधिकार नहीं जताता, न ही दूसरे दीपक को जलने से रोकता है। यही जीवन का सबसे बड़ा दर्शन है। मनुष्य भी यदि अपने ज्ञान, सामर्थ्य, अनुभव और संसाधनों का कुछ अंश दूसरों के हित में लगाए तो समाज में सकारात्मकता का विस्तार सहज ही हो सकता है। प्रकाश बांटने से घटता नहीं, बढ़ता है। प्रेम बांटने से कम नहीं होता, बल्कि संबंधों को और गहरा करता है।
इस दीपावली पर हमें केवल घरों की दीवारें नहीं, मनों के बीच खड़ी दीवारें भी रोशन करनी चाहिए। केवल दीपों की संख्या नहीं बढ़ानी चाहिए, बल्कि अपने अच्छे कार्यों की संख्या भी बढ़ानी चाहिए। किसी के चेहरे पर मुस्कान लाना, किसी निराश व्यक्ति को आशा देना, किसी जरूरतमंद को सहारा देना और किसी प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर देना ही इस पर्व की वास्तविक उपलब्धि हो सकती है।
आइए, इस बार दीपावली को केवल परंपरा की पुनरावृत्ति न बनाएं, बल्कि कुछ नया रचने का अवसर बनाएं। ऐसा कुछ करें, जिसका सकारात्मक प्रभाव त्योहार बीत जाने के बाद भी बना रहे। हमारे घरों में दीप जलें, हमारे विचारों में विवेक जगे, हमारे व्यवहार में संवेदना आए और हमारे समाज में सहयोग की भावना मजबूत हो। क्योंकि सच्ची दीपावली वही है, जिसमें प्रकाश केवल अपने आंगन तक सीमित न रहे, बल्कि किसी दूसरे के जीवन तक भी पहुंचे।








