गुरुग्राम में अवैध प्रवास के आरोप में 14 बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एटीएस गुरुग्राम, एसओजी नूंह और रोहतक की संयुक्त कार्रवाई; सभी को मानेसर के निरुद्ध केंद्र भेजा

गुरुग्राम, 7 नवंबर। एटीएस गुरुग्राम, एसओजी नूंह और एसओजी रोहतक की संयुक्त टीम ने भारत में अवैध रूप से रहने के आरोप में 14 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में इनके पास भारत में रहने के लिए वैध पासपोर्ट, वीजा अथवा अन्य आवश्यक अनुमति नहीं मिली। सभी को मानेसर स्थित निरुद्ध केंद्र भेजा गया है।

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक एटीएस वरुण सिंगला के नेतृत्व में यह कार्रवाई गुप्त सूचनाओं और जांच-पड़ताल के आधार पर की गई। संयुक्त टीम में एटीएस गुरुग्राम, दोनों जिलों के विशेष अभियान समूह और एटीएस के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान हिरासत में लिए गए व्यक्तियों के पास बांग्लादेश से संबंधित पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज होने की जानकारी सामने आई। ये सभी बांग्लादेश के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस द्वारा दी गई आयु संबंधी जानकारी के अनुसार, इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।

हिरासत में लिए गए वयस्कों की पहचान मोहम्मद राजू मियां, साकिब हुसैन, इलियास अली, मोहम्मद फेरुज इस्लाम, मोहम्मद अनारुल हक, साकिब राणा, गुलाम रब्बानी, मोहम्मद ज्वेल राणा, अनवर हुसैन, आरिफुल उर्फ अलाउद्दीन, मोहम्मद मसूद राणा और राजू आलम के रूप में बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, सभी के संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। एटीएस ने बताया कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और उनके विरुद्ध कार्रवाई का अभियान जारी है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें