अवैध पटाखों की बिक्री और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर गुरुग्राम जिला प्रशासन का बड़ा एक्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*डीसी उत्तम सिंह के निर्देश पर जिलेभर में एसडीएम की कार्रवाई, ग्रीन पटाखों की श्रेणी से बाहर के पटाखों की बिक्री करने वालों के खिलाफ 41 से अधिक एफआईआर दर्ज, कई क्विंटल पटाखे जब्त*

*बादशाहपुर, गुरुग्राम शहर में पटौदी रोड, मानेसर, फर्रुखनगर और सोहना क्षेत्र में निर्धारित बिक्री स्थलों से बाहर पटाखे बेचने वालों पर की गई कार्रवाई*

*CAQM के आदेशों के तहत आगामी 20 नवंबर तक वर्क फ्रॉम होम के नियमों का उल्लंघन करने वालों को भी जारी किए गए नोटिस*

गुरुग्राम, 6 नवंबर। जिले में अवैध पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने और वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन की बीते दो दिनों में सख्त कार्रवाई जारी रही। जिले के सभी एसडीएम ने बीते दो दिनों में अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाते हुए ग्रीन पटाखों की निर्धारित श्रेणी से बाहर के पटाखों की बिक्री करने वालों तथा निर्धारित स्थानों के अलावा अन्य जगहों पर पटाखे बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।

इस अभियान के तहत अब तक 41 से अधिक एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं तथा कई क्विंटल पटाखे जब्त किए गए हैं। बादशाहपुर, पटौदी रोड क्षेत्र, मानेसर, फर्रुखनगर और सोहना सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रशासनिक टीमों ने निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है।

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि जिले में पटाखों की अवैध बिक्री और प्रतिबंधित श्रेणी के पटाखों के भंडारण एवं उपयोग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला के सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए थे कि अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।

*वर्क फ्रॉम होम के नियमों की अवहेलना पर भी कार्रवाई*

उन्होंने बताया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए भी जिला प्रशासन द्वारा निगरानी की जा रही है। CAQM के आदेशों के तहत वर्क फ्रॉम होम के निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों एवं संबंधित इकाइयों को नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन द्वारा संबंधित निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

*अवैध पटाखों की बिक्री की सूचना जिला कंट्रोल रूम पर दें*

एडीसी सोनू भट्ट ने बताया कि अवैध पटाखों की बिक्री, भंडारण या नियमों का उल्लंघन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें। इसके लिए नागरिक निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं, डायल 112 और जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम 92897 90948 पर तुरंत सूचना दे। साथ ही शिकायत दर्ज करवाते समय संबंधित स्थान का सही पता, वहां क्या गतिविधि हो रही है तथा संभव हो तो फोटो या वीडियो भी साझा करें, ताकि प्रशासनिक टीम त्वरित कार्रवाई कर सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें