एसआईआर के तहत नोटिसों की सुनवाई और दावे-आपत्तियों के निपटान की अंतिम तिथि 20 नवंबर तक बढ़ाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 30 नवंबर को होगा- डीसी उत्तम सिंह

गुरुग्राम, 30 अक्टूबर-डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के कार्यक्रम में संशोधन किया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के नोटिस चरण और उनके निपटारे की प्रक्रिया अब 20 नवंबर 2026 तक जारी रहेगी। वहीं, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा। पहले अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख 6 नवंबर निर्धारित थी।

उन्होंने बताया कि एसआईआर के दौरान जिले में कुल 40,564 फॉर्म-6, 2178 फॉर्म-7 और 38690 फॉर्म-8 प्राप्त हुए। इसके अलावा, पिछले गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची से मिलान नहीं होने अथवा मिलान में विसंगतियां पाए जाने के कारण 453079 मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज जमा करवाने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित समय-सीमा तक सभी आवेदनों और नोटिसों पर निर्णय एवं निपटान किया जाना था, लेकिन 28 अक्टूबर 2026 तक फॉर्म और नोटिस लंबित थे। इनमें 1091 फॉर्म-6, 565 फॉर्म-7 और 517 फॉर्म-8 पर संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों द्वारा निर्णय लिया जाना शेष था। इसके अतिरिक्त, नोटिसों की सुनवाई, फोटो अपडेट और संबंधित निर्णय की कार्यवाही भी लंबित थी। इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज जमा करवाने और लंबित मामलों पर निर्णय लेने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है।

मतदाताओं को आवेदन संबंधी कार्यवाही के लिए मिला अतिरिक्त समय

डीसी ने बताया कि निर्धारित समय-सीमा तक सभी आवेदनों और नोटिसों पर निर्णय लिया जाना था। मतदाताओं की सुविधा और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के उद्देश्य से समय-सीमा बढ़ाई गई है। उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि नाम दर्ज करवाने, हटवाने अथवा विवरण में सुधार करवाने की आवश्यकता है तो संबंधित फॉर्म और आवश्यक दस्तावेज जमा करवाकर प्रक्रिया पूरी करें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें