मिशन ‘प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम’ के तहत बीडब्ल्यूजी को किया जागरूक, 150 प्रतिनिधियों ने लिया प्रशिक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीएक्यूएम के दिशा-निर्देशों के अनुरूप साहस एनजीओ के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में उचित कचरा प्रबंधन और वैज्ञानिक निस्तारण पर जोर, प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित

गुरुग्राम, 30 नवंबर। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा ‘मिशन प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम’ के तहत बल्क वेस्ट जनरेटर्स (बीडब्ल्यूजी) को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए साहस एनजीओ के तत्वावधान में एक विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीएक्यूएम के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 150 बीडब्ल्यूजी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में कचरे का उचित पृथक्करण, नियमानुसार निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक भागीदारी के महत्व पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि सभी बल्क वेस्ट जनरेटर्स अपने-अपने वेस्ट फैसिलिटेटर्स के माध्यम से कचरे का उचित प्रबंधन और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों से सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी को गंभीरता से लेने और अपने प्रतिष्ठानों में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया।

वहीं, साहस एनजीओ के निदेशक राजबीर ने बल्क वेस्ट जनरेटर्स से कचरे के उचित प्रबंधन एवं निस्तारण की जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभाने की अपील की। उन्होंने प्रतिभागियों को अपनी कार्यप्रणाली में सकारात्मक बदलाव लाने, निर्धारित नियमों को अपनाने और बेहतर कचरा प्रबंधन के लिए नई पहल करने के लिए प्रोत्साहित किया। नगर निगम गुरुग्राम के ब्रांड एम्बेसडर कुलदीप हिंदुस्तानी ने प्रतिभागियों को स्रोत पर ही कचरे का उचित पृथक्करण करने के महत्व के बारे में जानकारी दी। आईईसी एक्सपर्ट प्रिंका यादव ने प्रतिभागियों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए दैनिक जीवन एवं कार्यस्थलों पर कचरा प्रबंधन के नियमों को अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में लगभग 150 बल्क वेस्ट जनरेटर्स के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस पहल की सराहना की।

इस जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बल्क वेस्ट जनरेटर्स को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना, कचरे का उचित पृथक्करण और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को मजबूत बनाना रहा।नगर निगम गुरुग्राम का यह प्रयास ‘मिशन प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम’ के तहत विभिन्न हितधारकों को साथ लेकर कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने और शहर को स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक भागीदारी को प्रोत्साहित करता है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें