‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ रैली के लिए हरियाणा कांग्रेस ने झोंकी ताकत, गुरुग्राम में हुई अहम बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संजय दत्त, राव नरेंद्र सिंह और धर्मपाल मलिक ने तैयारियों की समीक्षा की; विधानसभा, खंड और मतदान केंद्र स्तर पर सौंपी जिम्मेदारियां

हरियाणा से एक लाख से अधिक लोगों की भागीदारी का लक्ष्य, गुरुग्राम के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क तेज

गुरुग्राम। दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से 1 नवंबर 2026 को प्रस्तावित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए हरियाणा कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पार्टी जमीनी स्तर पर जुटी हुई है। इसी कड़ी में गुरुवार को गुरुग्राम स्थित कांग्रेस कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और रैली के गुरुग्राम प्रभारी एवं पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर और ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने सभी वरिष्ठ नेताओं का स्वागत किया। बैठक में तय किया गया कि गुरुग्राम जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोगों की रैली में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए खंड स्तर पर कार्यकर्ता दल बनाए गए हैं, जो घर-घर जाकर लोगों को रैली के उद्देश्य से अवगत कराएंगे।

हरियाणा प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि यह केवल कांग्रेस की रैली नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने की रैली है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में वोट की चोरी हो रही है और संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ का नारा हर देशभक्त की आवाज है। हरियाणा इस रैली में भागीदारी के मामले में सबसे आगे रहेगा और गुरुग्राम से ऐतिहासिक संख्या में लोग दिल्ली पहुंचेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा की जनता भाजपा सरकार से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर हैं, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर की रैली इस आक्रोश को नई दिशा देगी। पार्टी ने हरियाणा से एक लाख से अधिक लोगों के रामलीला मैदान पहुंचने का लक्ष्य रखा है। गुरुग्राम के कार्यकर्ताओं में दिखाई दे रहे उत्साह से यह लक्ष्य पूरा करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।

रैली के गुरुग्राम प्रभारी एवं पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक ने कहा कि गुरुग्राम की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है और वह इसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने बताया कि विधानसभा, खंड और मतदान केंद्र स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। बसों, रेलगाड़ियों और निजी वाहनों से लोगों को दिल्ली ले जाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि यह रैली हरियाणा में सत्ता परिवर्तन की शुरुआत होगी।

शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि शहरी क्षेत्र के सभी वार्डों में बैठकें शुरू कर दी गई हैं। युवाओं, महिलाओं और व्यापारी वर्ग में रैली को लेकर काफी उत्साह है। लोग स्वयं दिल्ली चलने की इच्छा जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र से हजारों लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर रैली को सफल बनाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट की चोरी करने वालों के खिलाफ और मताधिकार की रक्षा के लिए हर व्यक्ति आवाज उठाने को तैयार है।

ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि ग्रामीण अंचल में कांग्रेस के पक्ष में जबरदस्त माहौल है। किसान, मजदूर और गरीब वर्ग कांग्रेस की ओर उम्मीद से देख रहा है। उन्होंने बताया कि गांव-गांव में संपर्क अभियान शुरू कर दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और बसों के माध्यम से हजारों लोग रामलीला मैदान पहुंचेंगे।

बैठक के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में 1 नवंबर की रैली को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। बैठक में बड़ी संख्या में खंड अध्यक्ष और वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया, इंटक के प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव, पूर्व महापौर प्रत्याशी नीरज यादव, सूबे सिंह यादव, सीमा हुड्डा, अनिल धानक, पंकज भारद्वाज, शाहीन शम्स, गजेंद्र चौहान, खंड अध्यक्ष अमित कोचर, खंड अध्यक्ष राजेश सहरावत, जसविंदर बिसला, भोले गुज्जर, ऋषि यादव, पवन चौधरी, मुकेश डागर, हरकेश प्रधान, श्याम लाल बामनिया, राजीव यादव, सतीश सांगवान, मास्टर महेंद्र सैन, अमन हुड्डा, महावीर कन्हई, धर्मेंद्र मिश्रा, शमीम खान, कार्तिक गहलोत, जितेश सांगवान, सनी सोलंकी, ओमप्रकाश खरेरा, रमाकांत शर्मा, लोकेश कौशिक और दीपक सोनी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें