मताधिकार की रक्षा के लिए महारैली में भाग लें लोग : सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और निष्पक्ष चुनाव के लिए एकजुट होने का आह्वान

संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह से तैयारियों व हरियाणा की भागीदारी पर चर्चा

चंडीगढ़/सिरसा, 29 अक्टूबर। सिरसा की सांसद एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा ने जनता से एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए लोगों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सैलजा ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वायत्तता को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों और कथित वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिक हितों के लिए दुरुपयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता।

सैलजा ने कहा कि नागरिकों को अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से आवाज उठानी चाहिए। उनके अनुसार, यह महारैली निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता के समर्थन में महत्वपूर्ण जनआंदोलन साबित होगी।

उन्होंने बताया कि हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के साथ महारैली की तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय तथा प्रदेश से व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा हुई है। कार्यकर्ताओं से गांवों और शहरों में जनसंपर्क कर लोगों को महारैली में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया है।

सैलजा ने विश्वास जताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाली महारैली में हरियाणा की ऐतिहासिक भागीदारी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदूषण नियंत्रण की तैयारियों पर सैलजा ने उठाए सवाल

सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने एक राष्ट्रीय समाचार पत्र की रिपोर्ट का हवाला देते हुए गुरुग्राम में प्रदूषण नियंत्रण की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार, शहर में सड़कों की धूल साफ करने वाली 24 मशीनों में से 10 निष्क्रिय हैं, जबकि इनके रखरखाव के लिए छह करोड़ रुपये का ठेका दिया गया है। निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले शहर में पहले ही 48 मशीनों की कमी है।

सैलजा ने आरोप लगाया कि ये हालात सरकार के प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दावों और जमीनी स्थिति के बीच अंतर दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष सर्दियों में गुरुग्राम में वायु प्रदूषण गंभीर हो जाता है, फिर भी समय रहते पर्याप्त कदम नहीं उठाए जाते। मुख्यमंत्री पर प्रचार में व्यस्त रहने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, “जनता को स्वच्छ हवा चाहिए, दिखावा नहीं।”

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें