राव नरेंद्र सिंह और भूपेंद्र हुड्डा की अध्यक्षता में बैठक, पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
प्रदेश से व्यापक भागीदारी के लिए जनसंपर्क और आपसी समन्वय पर जोर
चंडीगढ़, 28 अक्टूबर। दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को प्रस्तावित इंडिया गठबंधन की महारैली के लिए हरियाणा कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की विशेष बैठक में प्रदेश से व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई और पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त के मार्गदर्शन में हुई बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने की। बैठक का आयोजन सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने किया।
बैठक में महारैली की तैयारियों और प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान चलाने पर चर्चा हुई। वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों से कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल बनाकर लोगों तक पहुंचने का आह्वान किया गया। जिला और खंड स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने तथा सौंपी गई जिम्मेदारियों के अनुरूप तैयारियां करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान नेताओं और पदाधिकारियों ने महारैली की तैयारियों को लेकर सुझाव रखे। बैठक में वर्तमान एवं पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला व खंड अध्यक्षों तथा कांग्रेस के अग्रिम संगठनों और युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर चौधरी धर्मपाल मलिक, राज बब्बर, अशोक तंवर, चौधरी उदयभान, सांसद चौधरी जयप्रकाश, सतपाल ब्रह्मचारी, वरुण मुलाना और करमबीर बौद्ध सहित प्रदेशभर से पार्टी नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








