पहली नवंबर की महारैली के लिए हरियाणा कांग्रेस ने तेज की तैयारियां

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संजय दत्त ने राव नरेंद्र सिंह और कुमारी सैलजा से की चर्चा, सुरजेवाला से दूरभाष पर संवाद

तीन नवंबर से गांव-गांव चौपाल लगाकर चलाया जाएगा ‘लोकतंत्र बचाओ’ अभियान

चंडीगढ़, 28 अक्टूबर। दिल्ली के रामलीला मैदान में पहली नवंबर को प्रस्तावित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, संजय दत्त ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा से मुलाकात कर रैली तथा अभियान के अगले चरण की रणनीति पर चर्चा की।

बैठकों में हरियाणा से कार्यकर्ताओं और समर्थकों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही संगठनात्मक समन्वय बढ़ाने, जनसंपर्क मजबूत करने और पार्टी का संदेश गांवों तक पहुंचाने की रूपरेखा पर विचार-विमर्श हुआ।

कुमारी सैलजा के साथ चर्चा में महारैली की तैयारियों के अलावा नागरिकों को मताधिकार के प्रति जागरूक करने और अभियान से अधिक लोगों को जोड़ने पर जोर दिया गया। पार्टी नेताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को अभियान के प्रमुख विषय बताया।

विज्ञप्ति के अनुसार, राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में व्यस्त होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके। संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने उनसे दूरभाष पर बातचीत कर महारैली की तैयारियों तथा हरियाणा से कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर चर्चा की।

तीन नवंबर से प्रदेश के गांवों में चौपालों के माध्यम से ‘लोकतंत्र बचाओ’ अभियान चलाने की भी तैयारी है। इसके तहत कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे तथा मताधिकार की सुरक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया जैसे विषयों पर पार्टी का पक्ष रखेंगे।

कांग्रेस नेतृत्व ने कहा कि अभियान को प्रदेशव्यापी स्वरूप देने के लिए संगठन के प्रत्येक स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। महारैली और उसके बाद आयोजित चौपालों के माध्यम से प्रदेशभर में लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें