राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक बनने के बाद पहली बार हांसी पहुंचने पर स्वागत; माढ़ा में नेताजी की प्रतिमा का अनावरण

हांसी, 26 अक्टूबर। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक सिद्धार्थ यादव ने कहा कि पार्टी में सामान्य कार्यकर्ता भी मेहनत, निष्ठा और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकता है। वह रविवार को हांसी के जींद चौक स्थित सुभाष ड्रामेटिक क्लब में आयोजित जनसंवाद एवं अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार हांसी पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
लोगों से मिले स्नेह पर सिद्धार्थ यादव ने कहा, “मेरा परिवार हांसी में है, यह तो पता था, लेकिन इतना बड़ा और इतना ताकतवर परिवार है, यह नहीं पता था।” उन्होंने अपने अभिनंदन को पार्टी के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता का सम्मान बताते हुए कहा कि लोगों का विश्वास उन्हें समाज और संगठन की सेवा के लिए और अधिक प्रेरित करता है।
माढ़ा में नेताजी को नमन

हांसी पहुंचने से पहले महम में स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिद्धार्थ यादव का स्वागत किया। इसके बाद गांव माढ़ा में उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया। नेताजी के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि उनका जीवन युवा पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। ऐसे राष्ट्रनायकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और देश के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
विकसित भारत में हरियाणा की अहम भूमिका
सिद्धार्थ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण की दिशा में कार्य कर रही है। युवाओं की ऊर्जा, किसानों की मेहनत और प्रदेश की उद्यमशीलता देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
हांसी की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र वीरता, स्वाभिमान और सामाजिक एकता की समृद्ध परंपराओं के लिए जाना जाता है। हांसी और हिसार में विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। युवाओं के लिए नए अवसर, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम में मनजीत सिंह जमावड़ी, जेसी सर्वेश सैनी, एडवोकेट राजेश रामपुरा, जिला पार्षद यादवेन्द्र, वसुमेर यादव ढाणी पीरान, रतन यादव जमावड़ी, संदीप नायक, दीपक सरपंच, बिल्लू सरपंच, बिल्लू यादव, चन्द्रभान प्रधान, सुरजीत यादव, नरेश यादव, हरेन्द्र, पूर्व सरपंच अनिल बामल, सुमेर सरपंच जमावड़ी, सुरेन्द्र सरपंच रामपुरा और एडवोकेट श्योमेश वर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








