किसानों को मंडियों में बेहतर सुविधाएं और फसल का उचित मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता : श्याम सिंह राणा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*कृषि मंत्री ने जटौली और फर्रूखनगर मंडियों का किया निरीक्षण, खरीद, उठान व भुगतान व्यवस्था की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश*

गुरुग्राम, 25 अक्टूबर। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्याम सिंह राणा ने रविवार को जटौली और फर्रूखनगर अनाज मंडियों का दौरा कर बाजरे की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडियों में पहुंची फसल, खरीद प्रक्रिया तथा किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। एसडीएम दिनेश लुहाच ने कृषि मंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें खरीद प्रक्रिया की जानकारी दी।

कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि फसल खरीद निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

*किसानों की उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार का संकल्प*

मंडियों में खरीद प्रबंधों की समीक्षा के लिए कृषि मंत्री ने मार्केट कमेटी कार्यालय में संबंधित विभागों और खरीद एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार किसानों की आर्थिक मजबूती तथा उनके हितों की सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ मंडियों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया के प्रत्येक चरण पर विशेष ध्यान दिया जाए और किसानों को अपनी फसल बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

*फसल का समय पर उठान और भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर*

श्याम सिंह राणा ने कहा कि मंडियों में केवल खरीद करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि खरीदी गई फसल का समय पर उठान, उचित भंडारण और किसानों को निर्धारित समय पर भुगतान सुनिश्चित करना भी जरूरी है। उन्होंने खरीद एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मंडियों में फसल का अनावश्यक जमाव नहीं होना चाहिए। समय पर उठान होने से मंडी परिसर में पर्याप्त स्थान उपलब्ध रहेगा और अन्य किसान भी आसानी से अपनी फसल लेकर पहुंच सकेंगे। अधिकारियों को खरीद व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए गए।

*मंडियों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता पर रहे विशेष ध्यान*

कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में पेयजल, बिजली, छाया, शौचालय और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। किसानों को अपनी फसल बेचने के दौरान स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने को कहा।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर मार्केट कमेटी पटौदी-जटौली के चेयरमैन मनोज मोकलवास, सचिव विपिन यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, आढ़ती और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें