नव उद्घोष फाउंडेशन का तृतीय वार्षिकोत्सव संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चालीस से अधिक कवियों ने सुनाईं रचनाएं, नई कार्यकारिणी की घोषणा

गुरुग्राम, 25 अक्टूबर। ‘अहं ब्रह्मास्मि–नव उद्घोष फाउंडेशन’ का तृतीय वार्षिकोत्सव रविवार को न्यू रेलवे रोड स्थित द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय के आर.के. हॉल सभागार में आयोजित किया गया। शिक्षाविद् एवं स्टारएक्स विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति अशोक दिवाकर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। समारोह में विभिन्न राज्यों से आए साहित्यकारों, शिक्षाविदों, विचारकों और समाजसेवियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन एवं संयोजन संस्था की निदेशक तथा संस्थापिका अध्यक्ष दीपशिखा श्रीवास्तव ‘दीप’ और निदेशक एवं कोषाध्यक्ष नीरज श्रीवास्तव ने किया। संस्थापिका अध्यक्ष के स्वागत वक्तव्य और महासचिव अंजलि श्रीवास्तव की सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

काव्य प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में साहित्यकार मनीष श्रीवास्तव ‘बादल’ उपस्थित रहे। दीपक ठाकुर ने भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीनू शर्मा, हिंदुस्तानी भाषा अकादमी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार सुधाकर पाठक, कवयित्री एवं पत्रकार शकुंतला सरुपरिया तथा संस्था के संरक्षक राजपाल यादव अतिविशिष्ट अतिथि रहे।

सारस्वत अतिथियों में साहित्यकार मदन साहनी, शिक्षाविद् धनीराम अग्रवाल, साहित्यकार त्रिलोक सिंह ठकुरेला, प्रणेता साहित्य न्यास के संस्थापक एस.जी.एस. सिसोदिया, ग़ज़लकार एवं पूर्व आईएएस अधिकारी विनोद प्रकाश गुप्ता ‘शलभ’, शिक्षाविद् एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अशोक बत्रा तथा उद्यमी राजेश यादव शामिल रहे।

कार्यक्रम में चालीस से अधिक कवियों ने अपनी मुक्तक रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर किया। मंच संचालन महासचिव अंजू सिंह ने किया, जबकि तकनीकी सहयोग द्विज श्रीवास्तव ने दिया। आयोजन का सीधा प्रसारण संस्था के फेसबुक पेज पर भी किया गया।

राजपाल यादव राष्ट्रीय संरक्षक, विनय कुमार उपाध्यक्ष बने

वार्षिकोत्सव के दौरान संस्था की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। राजपाल यादव को राष्ट्रीय संरक्षक और विनय कुमार को उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। अंजलि श्रीवास्तव, अंजू सिंह, प्रीति पाठक तथा चांदनी केसरवानी को महासचिव बनाया गया। सविता स्याल को ‘नव उद्घोष’ पत्रिका के उपसंपादक की जिम्मेदारी दी गई।

आयोजकों के अनुसार, समारोह में गुरुग्राम सहित हरियाणा के अन्य क्षेत्रों, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, बिहार और राजस्थान से सौ से अधिक साहित्यकारों, विचारकों एवं समाजसेवियों ने भाग लिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। अतिथियों के लिए जलपान एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें