भाजपा का हल्ला बोल : कांग्रेस, राहुल, आप समर्थित सीजेपी पर बरसीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रोहतक में कांग्रेस भवन के सामने गरजीं डॉ. अर्चना गुप्ता

: महिला जनप्रतिनिधियों व हजारों महिला कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेशाध्यक्ष ने पैदल मार्च निकालकर कांग्रेस भवन पर दिया धरना

: एसआईआर के मुद्दे पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला, डॉ. गुप्ता बोलीं—लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भ्रम फैलाने की राजनीति नहीं चलेगी

रोहतक। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि देश में कांग्रेस नेतृत्व वाला इंडी ब्लाक और आम आदमी पार्टी समर्थित सीजेपी अराजक माहौल बनाने का काम कर रहे हैं, लेकिन भाजपा उनके भ्रमजाल और राष्ट्रविरोधी मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी। उन्होंने कांग्रेस, राहुल गांधी और आप समर्थित सीजेपी को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि देश की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।

शनिवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ रंगशाला परिसर से कांग्रेस भवन तक पैदल मार्च निकालते हुए हल्ला बोल रोष प्रदर्शन किया और सांकेतिक धरना दिया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस चुनाव दर चुनाव जनता का भरोसा खोने के कारणों को समझने और अपने कार्यकर्ताओं का सामना करने में नाकाम साबित हो रही है। आज राहुल गांधी के नेतृत्व वाला इंडी ब्लाक और अरविंद केजरीवाल समर्थित सीजेपी ग्रुप गहरी साजिश का हिस्सा बनकर देश में बेहद खतरनाक और गंभीर स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। देश की जनता ने उन्हें हर मौके पर नकारते हुए यह अहसास करवा दिया है कि जनता का विश्वास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ है। आज भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर देशविरोधी ताकतों के मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीते 12 सालों के दौरान आतंकवाद और नक्सलवाद पर कड़ा शिकंजा कसते हुए देश को अंदरूनी तौर पर मजबूत करने का काम किया है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी आज दुनिया सतर्क होकर भारत का पक्ष सुनती है और उस पर अमल करती है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि विपक्षी नेता संविधान के नाम पर लोकतंत्र को चुनौती दे रहे हैं और झूठ फैलाकर जनादेश का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों में चुनावी हार से विपक्षी दल हताश हैं और वे देश को शांतिपूर्वक आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी हार के बाद विपक्ष जनता के फैसले को स्वीकार करने या उससे सीखने के बजाय देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी राजनीतिक दल अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए विदेशी ताकतों के साथ मिलकर भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनके मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नवभारत निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करेंगे तथा देश को अस्थिर करने की कोशिश करने वाली घरेलू और विदेशी ताकतों का मुकाबला करेंगे।

जेएनयू में छात्राओं के यौन उत्पीड़न पर राहुल गांधी चुप क्यों? : डॉ. अर्चना गुप्ता

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने जेएनयू में 11 छात्राओं के यौन उत्पीड़न के मामले में कांग्रेस सांसद एवं प्रोफेसर डॉ. अंगोम्चा बिमोल अकोइजम की बर्खास्तगी को लेकर तीखा हमला बोलते हुए राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिला अधिकारों की बात करने वाली सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी इस गंभीर मामले पर जवाब क्यों नहीं देतीं? क्या कांग्रेस का महिला सम्मान केवल राजनीतिक दिखावा है? डॉ. गुप्ता ने कहा कि महिलाओं के सम्मान से समझौता करने वालों को देश की नारी शक्ति माफ नहीं करेगी। उन्होंने चेताया कि महिला अपमान पर चुप्पी साधने वाली कांग्रेस को जनता चुनाव में करारा जवाब देगी। डॉ. गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि वह पीड़ित छात्राओं के साथ खड़ी है या आरोपों से घिरे अपने सांसद के बचाव में। उन्होंने कहा कि भारत की नारी दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती का स्वरूप है। नारी के सम्मान पर चोट करने वालों को देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!