विरासत में 10 से 19 अक्टूबर तक होगा आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेंगे 30 से अधिक कलाकार
कुरुक्षेत्र, 7 अक्टूबर (प्रमोद कौशिक)। हरियाणा की पारंपरिक सांझी कला के संरक्षण और लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जीटी रोड स्थित मसाना के विरासत दि हेरिटेज विलेज में राज्यस्तरीय छठा सांझी उत्सव–2026 आयोजित किया जाएगा। विरासत हेरिटेज एवं एसोसिएशन ऑफ हरियाणवीज इन ऑस्ट्रेलिया के संयुक्त तत्वावधान में 10 से 19 अक्टूबर तक चलने वाले इस उत्सव में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों महिलाएं भाग लेंगी। उत्सव के शुभारंभ पर हरियाणा कला परिषद की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
अमावस्या पर सजेंगी सांझियां
विरासत–एएचए सांझी उत्सव के निदेशक अभिनव पूनिया ने बताया कि 10 अक्टूबर को अमावस्या के दिन प्रतिभागी सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक विरासत परिसर में सांझियां लगाएंगी। इसके बाद शाम साढ़े चार बजे हरियाणा कला परिषद की ओर से सांझी को समर्पित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से लुप्त होती सांझी कला को सहेजने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में 30 से अधिक हरियाणवी कलाकार भाग लेंगे। कलाकार सांझी के पारंपरिक गीतों के साथ हरियाणवी लोकनृत्य प्रस्तुत करेंगे। हरियाणा के लोकरंग की विशेष प्रस्तुति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होगी।
लोक आस्था और महिला सृजनशीलता की पहचान
अभिनव पूनिया ने कहा कि हरियाणा की लोक संस्कृति में सांझी कला का विशिष्ट स्थान है। मिट्टी, गोबर, प्राकृतिक सामग्री और रंग-बिरंगे सजावटी तत्वों से तैयार सांझी ग्रामीण जीवन, लोक आस्था, महिला सृजनशीलता और पारिवारिक परंपराओं की जीवंत अभिव्यक्ति रही है। इसके निर्माण में स्थानीय सामग्री और पारंपरिक तकनीकों का इस्तेमाल इस कला को विशेष पहचान देता है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण समाज में महिलाएं अपने घरों की दीवारों पर सांझी सजाकर विभिन्न आकृतियों, प्रतीकों और पारंपरिक अलंकरणों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता व्यक्त करती रही हैं। बदलते समय और आधुनिक जीवनशैली के कारण यह लोक कला धीरे-धीरे विलुप्ति की ओर बढ़ रही है। ऐसे में सांझी उत्सव जैसी पहल इस परंपरा को जीवित रखने और इसके प्रति लोगों की रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
पूनिया ने बताया कि उत्सव के दौरान आयोजित सांझी प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।








