बॉक्सिंग में तेजस फोरे ने जीता रजत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीबीएसई ज़ोनल प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा, नारायणा ई-टेक्नो स्कूल ने किया सम्मानित

गुरुग्राम। एम.जी. रोड स्थित नारायणा ई-टेक्नो स्कूल के आठवीं कक्षा के छात्र तेजस फोरे ने सीबीएसई बॉक्सिंग ज़ोनल प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। नरेंद्र कुमार के सुपुत्र तेजस की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उन्हें बधाई दी।

प्रतियोगिता का आयोजन भोंडसी स्थित आरबीएसएम स्कूल में किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। तेजस ने अपनी खेल तकनीक, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। उनकी सफलता पर विद्यालय परिवार ने उन्हें सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या रती शर्मा ने कहा कि तेजस की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। कम उम्र में खेल के प्रति उनकी लगन और समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में भागीदारी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

प्रधानाचार्या ने कहा कि विद्यालय परिवार को तेजस और उनके माता-पिता पर गर्व है। उन्होंने विश्वास जताया कि तेजस इसी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ते हुए भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी विद्यालय और गुरुग्राम का नाम रोशन करेंगे।

विद्यालय परिवार ने तेजस के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों में भी खेलों के प्रति रुचि, उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!