गांधी जयंती पर गुरुग्राम जिले की सभी 158 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*ग्राम सभाओं में स्वच्छता, विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और ग्रामीण सहभागिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा*

गुरुग्राम, 2 अक्टूबर। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुग्राम जिले की सभी 158 ग्राम पंचायतों में आज ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए गांवों के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, जनकल्याणकारी योजनाओं, मूलभूत सुविधाओं तथा आगामी विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को गांव के विकास की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा अपनी आवश्यकताओं एवं सुझावों को सामने रखने के लिए प्रेरित किया गया।

इसी कड़ी में निदेशक पंचायत सुशील सारवान एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, गुरुग्राम सुमित कुमार ने सुल्तानपुर ग्राम पंचायत में आयोजित ग्राम सभा में भाग लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद करते हुए ग्राम पंचायत के विकास एवं जनकल्याण से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा ग्रामीणों द्वारा रखी गई समस्याओं और सुझावों को सुना।

*‘स्वच्छता ही सेवा’ शपथ लेकर स्वच्छ गांव का लिया संकल्प*

ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों एवं उपस्थित अधिकारियों ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत स्वच्छता शपथ ली। ग्रामीणों को गांव में स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर भी चर्चा की गई।

*पीपुल्स प्लान कैंपेन के तहत ग्रामीणों से लिए सुझाव*

पीपुल्स प्लान कैंपेन के अंतर्गत ग्राम पंचायत के सहभागी एवं समग्र विकास को लेकर ग्रामीणों की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श किया गया। ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों के आधार पर गांव में किए जाने वाले विकास कार्यों की प्राथमिकताएं निर्धारित करने तथा विकास योजनाओं को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर जोर दिया गया।
ग्राम सभा में सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। पात्र ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाने तथा योजनाओं से वंचित पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें लाभ से जोड़ने पर चर्चा हुई।

*पीपीपी आईडी एवं कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के सत्यापन की समीक्षा*

ग्राम सभा में पीपीपी आईडी तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के सत्यापन से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों का सही एवं समयबद्ध सत्यापन सुनिश्चित करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत में चल रहे तथा पूर्ण किए जा चुके विभिन्न विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी ली गई। साथ ही, आगामी विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने पर भी चर्चा हुई।

*ग्राम सभा ग्रामीण सहभागिता से विकास की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण मंच : सुशील सारवान*

निदेशक पंचायत सुशील सारवान ने कहा कि ग्राम सभा ग्रामीणों की सहभागिता से गांव के विकास की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे ग्राम सभाओं में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने गांव की विकास संबंधी आवश्यकताओं, प्राथमिकताओं एवं सुझावों को खुलकर सामने रखें। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सहभागिता से तैयार विकास योजनाएं स्थानीय जरूरतों के अनुरूप अधिक प्रभावी ढंग से लागू की जा सकती हैं।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, गुरुग्राम सुमित कुमार ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जनभागीदारी सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि ग्राम सभा में ग्रामीणों द्वारा रखे गए सुझावों एवं समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए।

कार्यक्रम में डीडीपीओ नवनीत कौर, बीडीपीओ नरेश कुमार, डीपीएम अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!