दिवाली से पहले गुरुग्राम को स्वच्छ बनाने का लक्ष्य, मेयर ने दिए तेज गति से सफाई अभियान चलाने के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लंबी हड़ताल से प्रभावित सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निगम अधिकारी, पार्षद, सफाई एजेंसियां और कर्मचारी मिलकर करेंगे काम, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

गुरुग्राम, 25 सितंबर। गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि पिछले दिनों सफाई कर्मचारियों की लंबी हड़ताल के कारण शहर की प्रभावित हुई सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तेज गति से लगातार अभियान चलाया जाए। उन्होंने अधिकारियों, पार्षदों, सफाई एजेंसियों और सफाई कर्मचारियों से पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि दिवाली से पहले पूरे गुरुग्राम को स्वच्छ बनाना निगम का प्रमुख लक्ष्य है।

मेयर शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित कर रही थीं। बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर धर्मबीर भांगरोला, डिप्टी मेयर अनूप सिंह, निगमायुक्त प्रदीप दहिया, अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी, यश जालुका एवं रविन्द्र यादव सहित संयुक्त आयुक्त, पार्षदगण और विभिन्न सफाई एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

दिवाली से पहले तेज गति से होगा सफाई कार्य

मेयर ने निर्देश दिए कि हड़ताल के कारण जिन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है, वहां विशेष अभियान चलाकर सफाई कार्य को गति दी जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पार्षदगण, अधिकारी और एजेंसियां अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें तथा सफाई कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दें। उन्होंने कहा कि शहर में बेहतर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ पार्षदों और सफाई एजेंसियों को भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

सफाई कर्मचारियों का वेतन समय पर देने के निर्देश

मेयर ने सफाई कर्मचारियों के वेतन को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों का वेतन प्रत्येक माह निर्धारित तिथि पर देना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कर्मचारियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सफाई एजेंसियों को यह भी निर्देश दिया कि वे अपने संबंधित टेंडर के अनुसार निर्धारित मैनपावर और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। सफाई कार्यों के लिए पर्याप्त मानव संसाधन एवं उपकरण उपलब्ध रहने से क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था को प्रभावी तरीके से संचालित किया जा सकेगा।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

मेयर ने बैठक में स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एजेंसियों के कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई सफाई एजेंसी टेंडर की शर्तों के अनुसार मैनपावर या आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं कराती अथवा कार्य में लापरवाही बरतती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित एजेंसी को ब्लैक लिस्ट करने सहित अन्य कार्रवाई भी की जाएगी।

बेहतर समन्वय पर जोर

बैठक में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निगम अधिकारियों, पार्षदों, सफाई एजेंसियों और फील्ड टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। मेयर ने कहा कि फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर उनका समाधान किया जाए और सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि दिवाली से पहले शहर के सभी प्रमुख क्षेत्रों, बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

नगर निगम का उद्देश्य सफाई व्यवस्था को तेजी से सामान्य स्थिति में लाने के साथ-साथ नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। मेयर ने अधिकारियों एवं संबंधित टीमों से समयबद्ध तरीके से कार्य करते हुए दिवाली से पहले स्वच्छ गुरुग्राम के लक्ष्य को पूरा करने का आह्वान किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!