बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें, जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएं : संजय दत्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*गांव, वार्ड और बूथ तक कांग्रेस संगठन को मजबूत करना सर्वोच्च प्राथमिकता : राव नरेंद्र सिंह*

*पेपर लीक की वजह से प्रभावित हो रहा है लाखों छात्रों का भविष्य: सैलजा*

*धान-बाजरे की सरकारी खरीद में देरी कर किसानों को निजी खरीदारों के हाथों लुटवा रही भाजपा सरकार : रणदीप सुरजेवाला*

चंडीगढ़/नरवाना। हरियाणा कांग्रेस संगठन को ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत, सक्रिय और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से रविवार को नरवाना में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में हरियाणा कांग्रेस मामलों के प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं सांसद कुमारी सैलजा तथा रणदीप सिंह सुरजेवाला, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष चौधरी बीरेंद्र सिंह तथा पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने शिरकत कर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सम्मेलन का आयोजन नरवाना ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र नैन ने किया।

हरियाणा कांग्रेस मामलों के प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं और जनता के बीच निरंतर संवाद बनाए रखना बेहद जरूरी है।उन्होंने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलनों के माध्यम से कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है और संगठन की जमीनी स्थिति, स्थानीय समस्याओं तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की जा रही है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहें और जनता से जुड़े मुद्दों को चिन्हित कर संगठन के मंच से मजबूती से उठाएं। छात्रों, युवाओं, किसानों, महिलाओं, मजदूरों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने के लिए संगठन के प्रत्येक स्तर को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनता के साथ निरंतर संपर्क से मजबूत होता है। ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलनों के माध्यम से कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद हो रहा है तथा जमीनी स्तर की समस्याओं और संगठन की आवश्यकताओं की जानकारी मिल रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक गांव, वार्ड और बूथ तक संगठन को मजबूत करना कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करें। कांग्रेस की विचारधारा और जनकल्याणकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने के साथ-साथ जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना भी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों की आवाज को मजबूती से उठाया जा रहा है। बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता, पेपर लीक और युवाओं के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को कांग्रेस लगातार उठा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस अभियान को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक पहुंचाएं तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों और युवाओं को इससे जोड़कर उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाएं।

उन्होंने कहा कि संगठन तभी प्रभावी बनता है, जब कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुख में साथ खड़े हों और उनकी समस्याओं की आवाज बनें।

इस अवसर पर बोलते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सांसद कुमारी सैलजा ने पेपर लीक के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि जब से यह सरकार सत्ता में आई है, लगातार पेपर लीक होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। पेपर लीक होने से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता है। वर्षों की मेहनत और तैयारियों पर पानी फिर जाता है तथा बच्चों के साथ-साथ उनके माता-पिता को भी भारी मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय में जिस प्रकार की घटनाएं सामने आई हैं और जिस तरह पीजी हाउस के गिरने की घटना हुई, उससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि बेहतर शिक्षा और अपने भविष्य को संवारने के लिए देशभर से आने वाले विद्यार्थियों को किन कठिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ता है। ऐसे में यदि उनकी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हो जाएं या चोरी हो जाएं, तो यह विद्यार्थियों के साथ अन्याय होने के साथ-साथ पूरे समाज और व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए रणदीप सिंह सुरजेवाला ने धान और बाजरे की सरकारी खरीद में कथित देरी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान अपनी फसल लेकर मंडियों में पहुंच रहे हैं, लेकिन सरकार द्वारा सरकारी खरीद की प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता नहीं होने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सुरजेवाला ने कहा कि मंडियों में धान और बाजरे की आवक बढ़ रही है, लेकिन न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर सरकारी खरीद में देरी के कारण किसानों को निजी खरीदारों पर निर्भर होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसका सीधा नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है और उन्हें अपनी उपज के उचित दाम मिलने में कठिनाई हो रही है।

उन्होंने कहा कि PR धान का MSP ₹2,461 प्रति क्विंटल निर्धारित है, लेकिन किसानों के अनुसार कई स्थानों पर निजी खरीदार इससे काफी कम दाम पर खरीद की पेशकश कर रहे हैं। इसी प्रकार बाजरे का MSP ₹2,900 प्रति क्विंटल निर्धारित है, जबकि सरकारी खरीद की स्थिति स्पष्ट न होने के कारण किसानों को बाजार में कम कीमतों पर फसल बेचने का दबाव झेलना पड़ रहा है।

सुरजेवाला ने कहा कि सरकार को किसानों की फसल की खरीद के लिए स्पष्ट व्यवस्था और समयबद्ध प्रक्रिया सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खरीद व्यवस्था से जुड़े राइस मिलर्स और आढ़तियों के कथित बकाये का भी शीघ्र भुगतान किया जाना चाहिए, ताकि मंडियों में खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।

उन्होंने कहा कि किसानों को सरकारी पोर्टल, सत्यापन और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर अनावश्यक परेशान नहीं किया जाना चाहिए। सरकार को मंडियों में पर्याप्त खरीद व्यवस्था, उठान और भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए किसानों को उनकी फसल का निर्धारित समर्थन मूल्य दिलाना चाहिए।

पार्टी के वरिष्ठ नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि हम सभी कांग्रेस के समर्पित सिपाही हैं और देश-प्रदेश के हितों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमें एकजुट होकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठानी होगी। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सामूहिक ताकत ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। इसलिए हमें आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर एकजुटता के साथ कांग्रेस की आवाज को हर स्तर तक बुलंद करना है और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना है।

सम्मेलन के दौरान संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका मजबूत करने, स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर जींद तथा हिसार ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष क्रमशः ऋषिपाल तथा बृजलाल बहबलपुरिया, पूर्व विधायक अत्तर सिंह सैनी तथा सूबे सिंह पूनिया, हरियाणा कांग्रेस सेवा दल प्रमुख पूनम चौहान, लीगल विभाग के चेयरमेन लाल बहादुर खोवाल, सतबीर दबलैन, राजेश संदलाना, कनेक्ट सेंटर के इंचार्ज दीपक लांबा, जिला तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी, पार्टी नेता तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!