वार्ड-5, 6 और 7 में विकास कार्यों को मिली गति, मेयर राजरानी मल्होत्रा ने किए विभिन्न कार्यों के शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

करीब 29 करोड़ रुपए की लागत से सड़क, सीवर, पानी, स्टॉर्म वॉटर लाइन और फुटपाथ से जुड़े कार्य शुरू, स्थानीय निवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर

गुरुग्राम, 20 सितंबर। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में मेयर राजरानी मल्होत्रा ने वार्ड-5, वार्ड-6 और वार्ड-7 में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इन कार्यों के तहत सड़क, पानी की सप्लाई, सीवर लाइन, स्टॉर्म वॉटर लाइन और फुटपाथ से संबंधित कार्य किए जाएंगे। इस अवसर पर संबंधित वार्ड पार्षद और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

वार्ड-5 में करीब 18 करोड़ रुपए के विकास कार्य

नगर निगम पार्षद राम अवतार राणा के वार्ड नंबर-5 में करीब 18 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया। इन कार्यों के तहत न्यू पालम विहार के ब्लॉक-आर में लगभग 10.70 करोड़ रुपए और ब्लॉक-के में लगभग 7.33 करोड़ रुपए की लागत से पानी की सप्लाई, सीवर लाइन, स्टॉर्म वॉटर लाइन तथा सड़कों से संबंधित कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों से क्षेत्र में जलापूर्ति, सीवरेज एवं सड़क संबंधी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

वार्ड-6 में 8.10 करोड़ रुपए के कार्य

पार्षद सतपाल के वार्ड नंबर-6 में भी करीब 8.10 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य शुरू किए गए। इनमें सड़क, स्टॉर्म वॉटर व्यवस्था और फुटपाथ से संबंधित कार्य शामिल हैं। इन कार्यों का उद्देश्य क्षेत्र में सड़क एवं जल निकासी से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर करना तथा स्थानीय निवासियों को अधिक सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना है।

वार्ड-7 में 3 करोड़ की लागत से सड़क का कार्य

वहीं पार्षद दिनेश दहिया के वार्ड नंबर-7 में करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से आरसीसी सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। सड़क के निर्माण से क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी और आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी तथा स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी।

मेयर ने कहा—विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर

इस अवसर पर मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, सीवर, पानी, स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज और फुटपाथ जैसी मूलभूत सुविधाएं नागरिकों के दैनिक जीवन से सीधे जुड़ी हैं, इसलिए इन कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ सीधे स्थानीय निवासियों तक पहुंचे, इसके लिए संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों द्वारा कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी। साथ ही, निर्माण कार्यों के दौरान गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!