मेयर टीम और पार्षदों को जनहित में काम करने की सलाह
धर्मबीर भांगरोला के सीनियर डिप्टी मेयर और अनूप सिंह के डिप्टी मेयर बनने पर दिनेश वशिष्ठ ने दी बधाई।
विकास कार्यों को लेकर सरकार से जवाबदेही की मांग
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम में लंबे इंतजार के बाद सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होने के बाद निगम की मेयर टीम पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। वार्ड नंबर 28 के पार्षद धर्मबीर भांगरोला को सीनियर डिप्टी मेयर तथा वार्ड नंबर 25 के पार्षद अनूप सिंह भांभू को डिप्टी मेयर चुना गया है। दोनों का निर्वाचन 14 सितंबर 2026 को निर्विरोध हुआ।
इस अवसर पर दिनेश वशिष्ठ, एक्स प्रेसिडेंट आर.डब्ल्यू.ए. सेक्टर 3, 5 एवं 6, ने सेक्टर के वरिष्ठ नागरिकों के साथ गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नगर निगम में मेयर टीम के गठन के बाद अब गुरुग्राम की जनता को शहर के विकास और मूलभूत सुविधाओं में ठोस सुधार की उम्मीद है।
दिनेश वशिष्ठ ने कहा कि भाजपा द्वारा मेयर टीम में अनुभव को महत्व दिया गया है और इसका लाभ यदि पारदर्शिता एवं जनहित की भावना के साथ काम किया गया तो शहर के विकास कार्यों में देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में सड़क, सफाई, सीवरेज, जल निकासी, बरसाती नालों, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर प्राथमिकता से काम होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मेयर टीम के गठन में देरी के कारण पिछले करीब 17 महीनों तक सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद खाली रहे। अब जब दोनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है, तो निगम की निर्वाचित टीम के सामने जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।
विकास कार्यों को लेकर सरकार से जवाबदेही की मांग
दिनेश वशिष्ठ ने कहा कि भाजपा सरकार हरियाणा में तीसरी बार सत्ता में है और गुरुग्राम प्रदेश के महत्वपूर्ण आर्थिक शहरों में शामिल है। इसके बावजूद शहर में सफाई व्यवस्था, जल निकासी और बरसात के दौरान जलभराव जैसी समस्याएं लगातार सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि हाल की बारिश के दौरान जलभराव और सफाई व्यवस्था से जुड़े हालात ने शहर की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में समय-समय पर मुख्यमंत्री और हरियाणा सरकार के मंत्री आते हैं तथा विकास कार्यों की समीक्षा भी होती है, लेकिन जनता को अब फोटो, वीडियो और रीलों से आगे धरातल पर दिखाई देने वाला काम चाहिए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को लेकर सरकार और नगर निगम को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। यदि कहीं काम नहीं हो रहा है तो उसकी समीक्षा होनी चाहिए और जहां अधिकारियों की लापरवाही सामने आए, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
मेयर टीम और पार्षदों को जनहित में काम करने की सलाह
दिनेश वशिष्ठ ने नवनिर्वाचित सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर, मेयर और सभी पार्षदों से अपील करते हुए कहा कि गुरुग्राम में समानता के आधार पर विकास कार्य होने चाहिए। किसी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए और विकास कार्यों में राजनीतिक या व्यक्तिगत हित से ऊपर जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं तो पार्षदों को अपने हितों से ऊपर उठकर जनता की आवाज नगर निगम सदन में मजबूती से उठानी चाहिए। साथ ही उन्होंने पार्षदों से यह भी अपील की कि अपनी कमियों का ठीकरा हर मामले में नगर निगम अधिकारियों पर न फोड़ा जाए।
दिनेश वशिष्ठ ने कहा कि जहां अधिकारियों को जनहित में काम करने के लिए जनप्रतिनिधियों के सहयोग की आवश्यकता हो, वहां सहयोग किया जाना चाहिए और जहां कोई अधिकारी जनहित में कार्य नहीं करता, वहां तथ्यों के आधार पर उसकी जवाबदेही तय कर कार्रवाई की मांग होनी चाहिए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नई मेयर टीम, सभी पार्षद और नगर निगम अधिकारी आपसी समन्वय से काम करते हुए गुरुग्राम की सफाई, जल निकासी, सड़क, सीवरेज और अन्य नागरिक सुविधाओं में ठोस सुधार करेंगे तथा शहर के प्रत्येक वार्ड को समान रूप से विकास का लाभ मिलेगा।








