बरसात के बीच निगमायुक्त प्रदीप दहिया और उपायुक्त उत्तम सिंह ने किया शहर का दौरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बहरामपुर रोड पर ड्रेनेज सुधार की नागरिकों ने की सराहना

लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश, राष्ट्रीय राजमार्ग सहित विभिन्न क्षेत्रों का किया निरीक्षण, भारी बारिश के बावजूद बहरामपुर रोड सहित कई क्षेत्रों में नहीं हुआ जलभराव

गुरुग्राम, 7 अगस्त। लगातार हो रही बारिश के बीच नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया और गुरुग्राम के उपायुक्त उत्तम सिंह ने शुक्रवार को बहरामपुर रोड, राष्ट्रीय राजमार्ग सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जल निकासी व्यवस्था एवं मानसून प्रबंधन का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं इंजीनियरों को निर्देश दिए कि जलभराव संभावित सभी स्थानों पर निरंतर निगरानी बनाए रखें, ताकि यातायात सुचारू रहे और नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर जल निकासी व्यवस्था, पंपिंग सिस्टम एवं ड्रेनेज नेटवर्क की स्थिति का अवलोकन किया। निगमायुक्त ने कहा कि मानसून के दौरान फील्ड में अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति और त्वरित कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। सभी इंजीनियरों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार मॉनिटरिंग करें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल मशीनरी एवं मैनपावर तैनात कर जल निकासी सुनिश्चित करें।

बहरामपुर रोड पर दिखा ड्रेनेज सुधार का सकारात्मक परिणाम

दौरे के दौरान बहरामपुर रोड पर स्थानीय नागरिकों ने निगमायुक्त एवं उपायुक्त से बातचीत करते हुए नगर निगम द्वारा किए गए ड्रेनेज सुधार कार्यों की सराहना की। नागरिकों ने बताया कि पूर्व में इस सड़क पर हर बारिश के दौरान भारी जलभराव हो जाता था, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित होता था। लेकिन इस बार लगातार और भारी बारिश के बावजूद सड़क पर पानी जमा नहीं हुआ और यातायात सामान्य रूप से चलता रहा। स्थानीय लोगों ने कहा कि ड्रेनेज व्यवस्था में किए गए सुधारात्मक कार्यों का सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने नगर निगम और जीएमडीए द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी राहत बताया।

निरंतर निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून समाप्त होने तक सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराना है। किसी भी स्थान पर जलभराव की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पंप, सक्शन मशीन और अन्य आवश्यक संसाधन पूरी तरह तैयार रखें।

उपायुक्त उत्तम सिंह ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए मानसून प्रबंधन को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

इस अवसर पर अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव, चीफ इंजीनियर विजय ढाका, कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार, सहायक अभियंता वसीम अकरम सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं इंजीनियर भी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!