समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा त्वरित निस्तारण : सीटीएम ज्योति नागपाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समाधान शिविर में सुनीं आमजन की समस्याएं

प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को जिला एवं उपमंडल स्तर पर लगाए जा रहे हैं समाधान शिविर

गुरुग्राम, 06 अगस्त-मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा संचालित समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समाधान शिविर में सीटीएम ज्योति नागपाल ने नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीटीएम ज्योति नागपाल ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान उपलब्ध कराना है। इससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और उनकी शिकायतों का शीघ्र निवारण सुनिश्चित होता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण करते हुए उसका निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर उनकी प्रगति पर भी विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

सीटीएम ने बताया कि समाधान शिविर में कुल 7 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

उन्होंने बताया कि जिला एवं उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की शिकायतों की सुनवाई करते हैं तथा उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए समाधान शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

इस अवसर पर डीआरओ विजय यादव, एसीपी मुकेश कुमार, मेडिकल ऑफिसर प्रियंका, एटीपी ज्योति यादव, डिप्टी डीईओ दीप्ति बोकन, एसडीओ सुमन कश्यप, इनवेस्टिगेटर संजय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!