7 अगस्त को जंतर-मंतर पर महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर होगी विशाल रैली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में महिलाएं लेंगी भाग, गुरुग्राम से भी रवाना होंगे जत्थे

गुरुग्राम, 5 अगस्त। संसद और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय महिला आरक्षण गठबंधन (NCWR) के आह्वान पर 7 अगस्त को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर विशाल रैली आयोजित की जाएगी। रैली में हरियाणा के विभिन्न जिलों से जनवादी महिला समिति (AIDWA) सहित कई महिला संगठनों की कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगी।

जनवादी महिला समिति, हरियाणा की राज्य अध्यक्ष सविता, राज्य महासचिव उषा सरोहा तथा राज्य कोषाध्यक्ष अमिता ने संयुक्त बयान में कहा कि महिला आरक्षण कानून संसद से पारित होने के बावजूद उसका अब तक लागू नहीं होना महिलाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई से मानसून सत्र के दौरान महिलाएं जंतर-मंतर पर धरना देकर यह मांग कर रही हैं कि केंद्र सरकार जनगणना और परिसीमन की शर्तों को हटाकर संसद और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण तत्काल लागू करे।

उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं की लगातार उठ रही इस मांग के बावजूद केंद्र सरकार उनकी आवाज पर ध्यान नहीं दे रही है। उनका कहना था कि देश की आधी आबादी को राजनीतिक निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी मिलना लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में आवश्यक कदम है और इस लंबे समय से लंबित मांग को अब और टाला नहीं जाना चाहिए।

गुरुग्राम से भी पहुंचेंगी महिलाएं

जनवादी महिला समिति की गुरुग्राम जिला सचिव भारती, जिला प्रधान रामवती तथा जिला कोषाध्यक्ष गिरजा कुमारी ने बताया कि गुरुग्राम से भी बड़ी संख्या में महिलाएं 7 अगस्त को जंतर-मंतर पहुंचकर महिला आरक्षण लागू करने की मांग के समर्थन में आवाज बुलंद करेंगी।

संगठन की नेताओं ने हरियाणा की महिलाओं, विभिन्न महिला संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले नागरिकों से रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि हरियाणा के विभिन्न जिलों से महिलाओं के जत्थे 7 अगस्त को दिल्ली के लिए रवाना होंगे और रैली को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें