नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिलाः प्रो. सोमनाथ सचदेवा।
कुवि में नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण। राज्यपाल ने दिलाया नशा मुक्त भारत का संकल्प।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 2 अगस्त : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में रविवार को ‘नशा मुक्त युवाः विकसित भारत संकल्प अभियान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल एवं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा, पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, कुलगुरु प्रो. वीरेन्द्र पाल सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, अधिष्ठाता, निदेशक, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण का आह्वान किया जिसे सभागार में उपस्थित 3000 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सुना।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा के राज्यपाल एवं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि आज भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नशामुक्त युवा भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ कर रहे हैं। इस अभियान के माध्यम से देशभर के 10,000 से अधिक स्थानों पर एक करोड़ से अधिक युवा एकजुट होकर नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प ले रहे हैं। राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि हमारा देश हजारों वर्षों से अनेक चुनौतियों का सामना करता आया है। हमने विदेशी आक्रमण, युद्ध, आर्थिक संकट, कोरोना महामारी, मलेरिया, प्लेग जैसी अनेक कठिन परिस्थितियों का डटकर मुकाबला किया है। इसलिए मुझे पूरा विश्वास है कि भारत की जनता, विशेषकर हमारे युवा, नशे जैसी इस गंभीर सामाजिक बुराई को भी पराजित करने में सफल होंगे।
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि मुझे हरियाणा के लोगों पर विशेष गर्व है क्योंकि हरियाणा ने देश को सशक्त सेना, समृद्ध कृषि, उत्कृष्ट खिलाड़ी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। मुझे विश्वास है कि हरियाणा के लोग नशे के इस अभिशाप के विरुद्ध भी अग्रणी भूमिका निभाएंगे और समाज को नशामुक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि आइए, हम सभी मिलकर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार करें और वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित, समृद्ध और सशक्त राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में अपना सक्रिय योगदान दें। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष विद्यार्थियों के बीच पहुंचे, उनका उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया तथा उनके साथ स्मृति स्वरूप समूह फोटो भी खिंचवाया।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रारंभ किया गया यह अभियान युवाओं को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। विकसित भारत संकल्प अभियान केवल नशे के विरुद्ध जागरूकता का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण का एक व्यापक जन आंदोलन है। आज भारत विश्व का सबसे युवा देश है। हमारी लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। यही युवा शक्ति स्वस्थ, सक्षम, स्वावलंबी और समृद्ध भारत की सबसे बड़ी पूंजी तथा विकसित भारत की सबसे मजबूत आधारशिला है।
प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि हम सभी का, विशेषकर युवाओं का, यह दायित्व है कि वे किसी भी प्रकार के नशे से स्वयं को दूर रखें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि वे शिक्षा, खेल, नवाचार, कौशल विकास और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सकें। एक नशामुक्त, जागरूक और सशक्त युवा ही विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। मंच का संचालन युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला ने किया। अंत में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष की अगुवाई में सभी ने नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ ली। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर हरियाणा की प्रथम महिला मित्रा घोष, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, रविन्द्र सांगवान, सुभाष कलसाना, कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल, मेरा युवा भारत अभियान के राज्य निदेशक आकर्ष दीक्षित, उप निदेशक सुरमयी शर्मा, एसएनओ दिनेश कुमार, एनएसएस पीसी डॉ. आनंद कुमार, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार, डीन ऑफ कॉलेजिज प्रो. ब्रजेश साहनी, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एआर चौधरी, प्रो. संजीव अग्रवाल, प्रो. डीएस राणा, प्रो. कृष्णा, प्रो. उषा रानी, प्रो. अनिल गुप्ता, प्रो. आनंद कुमार, प्रो. रीटा, प्रो. सुनीता दलाल, लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया, प्रो. बिंदु शर्मा, प्रो. दीपक राय बब्बर, उपनिदेशिका डॉ. जिम्मी शर्मा, प्रो. गुरचरण सिंह, डॉ. रामचन्द्र, स्कूल प्राचार्य डॉ. सुखविन्द्र सिंह सहित शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी मौजूद रहे।








