गुरुग्राम, 1 अगस्त। परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में दर्ज आय के सत्यापन की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुग्राम जिला प्रशासन द्वारा 4 अगस्त को जिले की आठ ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नवनीत कौर ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन एडीसी सोनू भट्ट के निर्देशानुसार संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के माध्यम से कराया जाएगा। इन ग्राम सभाओं में पात्र परिवारों की आय संबंधी जानकारी का सत्यापन किया जाएगा, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक पहुंच सके।
इन स्थानों पर आयोजित होंगी ग्राम सभाएं
नवनीत कौर ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार फर्रुखनगर खंड के पातली हाजीपुर गांव में सामान्य चौपाल, सुल्तानपुर गांव में रेलवे स्टेशन वाली चौपाल में ग्राम सभा आयोजित होगी। गुरुग्राम खंड के टीकली गांव में सामुदायिक केंद्र तथा साढराणा गांव में ब्राह्मण चौपाल को आयोजन स्थल बनाया गया है। पटौदी खंड के बहोड़ा कलां गांव में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा सिधरावली गांव में पंचायत घर में ग्राम सभा होगी। वहीं सोहना खंड के घामड़ौज गांव में कम्युनिटी सेंटर और रिठौज गांव में राजकीय विद्यालय में ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने संबंधित पंचायतों के नागरिकों से निर्धारित स्थल पर समय पर पहुंचकर आय सत्यापन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है।
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी ने बताया कि सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ग्राम सभाओं का आयोजन निर्धारित तिथि पर समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ग्राम सभा से पूर्व संबंधित गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी जाए तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र परिवार इस प्रक्रिया से वंचित न रहे और प्रत्येक नागरिक को अपनी जानकारी प्रस्तुत करने का अवसर मिले।








