अवैध निर्माण के समय आंखें बंद, अब सीलिंग क्यों? : पंकज डावर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शीतला कॉलोनी में कार्रवाई पर उठाए सवाल, पीड़ितों को मुआवजा और वैकल्पिक आवास की मांग

गुरुग्राम। शीतला कॉलोनी में प्रशासन द्वारा अवैध निर्माणों पर की जा रही सीलिंग कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस जिला शहरी अध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि जिन अवैध निर्माणों को प्रशासन वर्षों तक नजरअंदाज करता रहा, उन्हीं पर अब कार्रवाई कर लोगों को बेघर किया जा रहा है।

पंकज डावर ने कहा कि शीतला कॉलोनी में लंबे समय से अवैध निर्माण हो रहे थे और उन्होंने कई बार इस मुद्दे को प्रशासन के समक्ष उठाया था। इसके बावजूद उस समय कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब लोगों ने अपनी जीवनभर की पूंजी लगाकर मकान बना लिए, तब प्रशासन सीलिंग अभियान चलाकर उन्हें उजाड़ने पहुंच गया।

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान आयुध डिपो के 900 मीटर दायरे के नियमों को नजरअंदाज कर अवैध कब्जों और निर्माणों को बढ़ावा दिया जाता है, लेकिन बाद में उसी क्षेत्र में बुलडोजर और सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी जाती है। डावर ने इसे भाजपा सरकार की “दोहरी नीति” करार देते हुए कहा कि इस तरह की कार्यप्रणाली स्वीकार नहीं की जाएगी।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इतने बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण प्रशासनिक अधिकारियों की जानकारी या मिलीभगत के बिना संभव नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पहले अधिकारियों की आंखें बंद रहती हैं और बाद में दिखावटी कार्रवाई कर गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को निशाना बनाया जाता है, जबकि प्रभावशाली लोगों के निर्माणों को बचा लिया जाता है।

डावर ने कहा कि शीतला कॉलोनी में अवैध निर्माण कोई नया मामला नहीं है, बल्कि वर्षों पुरानी समस्या है। यदि प्रशासन समय रहते कार्रवाई करता तो आज सैकड़ों परिवारों के सामने बेघर होने का संकट नहीं खड़ा होता।

उन्होंने मांग की कि जिन लोगों के मकान सील किए गए हैं या ध्वस्त किए जा रहे हैं, उन्हें तत्काल वैकल्पिक आवास और उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर यह तय किया जाए कि किन अधिकारियों की लापरवाही या संरक्षण में अवैध निर्माण हुए और समय पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

पंकज डावर ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो कांग्रेस कार्यकर्ता कॉलोनीवासियों के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन करेंगे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!