30 जुलाई को गुरुग्राम में होगा भव्य स्वागत, समरसता संकल्प अभियान के तहत पूरे हरियाणा के गांव-गांव पहुंचेगी पावन मिट्टी
चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के निर्देशानुसार संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “समरसता संकल्प अभियान” के तहत भाजपा हरियाणा का सामाजिक समरसता प्रतिनिधिमंडल गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की पावन मिट्टी का कलश प्राप्त करने के लिए वाराणसी पहुंच गया है।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा, हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावता कर रहे हैं। दल में विधायक कपूर बाल्मीकि, पूर्व मंत्री अनूप धनक, पूर्व मंत्री जगदीश नायर, यमुनानगर की मेयर सुमन बहमनी, चेयरमैन बलदेव ग्रोहा, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, चेयरमैन कप्तान योगेश बैरागी, पूर्व विधायक सरिता नारायणा, पार्षद अशोक कटारिया, गुहला-चीका की चेयरपर्सन रेखा, पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुंदरलाल यादव, चेयरमैन घुमन सिंह, सुरेश कौशिक और परवीन जैन सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।
29 जुलाई को प्रतिनिधिमंडल वाराणसी में आयोजित विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों तथा पूजन-अर्चना में भाग लेगा। इसी अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की पावन मिट्टी से सुशोभित कलश हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल को विधिवत सौंपा जाएगा।
30 जुलाई को गुरुग्राम में होगा भव्य स्वागत
प्रतिनिधिमंडल 30 जुलाई की शाम पावन कलश लेकर गुरुग्राम के सिरहौल बॉर्डर पहुंचेगा, जहां हरियाणा सरकार के प्रतिनिधियों, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं द्वारा उसका भव्य स्वागत किया जाएगा। स्वागत समारोह में कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, कृष्ण बेदी और राव नरबीर सिंह सहित कई विधायक, पार्टी पदाधिकारी और सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
इसके बाद पावन कलश गुरुग्राम स्थित श्री शीतला माता मंदिर में स्थापित किया जाएगा। तत्पश्चात 4 अगस्त को हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी तथा भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के करकमलों से इस पावन कलश की मिट्टी भाजपा हरियाणा के सभी 27 संगठनात्मक जिलों के जिला अध्यक्षों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों को विधिवत प्रदान की जाएगी। इसके बाद यह पावन मिट्टी पूरे हरियाणा के गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी, ताकि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के समरसता, समानता, सामाजिक न्याय और मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा सके तथा “समरसता संकल्प अभियान” को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जा सके।
गांव-गांव तक पहुंचेगा समरसता का संदेश
भाजपा के अनुसार, इसके बाद यह पावन मिट्टी पूरे हरियाणा के गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी, ताकि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के समरसता, समानता, सामाजिक न्याय और मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा सके तथा “समरसता संकल्प अभियान” को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जा सके।








