नशे की लत करती है जिंदगी बर्बाद : कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एसवीएसयू में ‘मेरा युवा भारत’ अभियान के तहत नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित

पलवल, 27 जुलाई। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (एसवीएसयू) में ‘मेरा युवा भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित नशा मुक्ति जागरूकता अभियान में कुलगुरु प्रो. दिनेश कुमार ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि नशे की लत पूरी जिंदगी बर्बाद कर देती है। उन्होंने कहा कि नशा केवल स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति को ही नहीं, बल्कि परिवार, सामाजिक प्रतिष्ठा और भविष्य को भी प्रभावित करता है।

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए प्रो. दिनेश कुमार ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा को कम-से-कम एक खेल और एक विदेशी भाषा अवश्य सीखनी चाहिए, क्योंकि इससे व्यक्तित्व का विकास होता है और सफलता के नए अवसर खुलते हैं।

कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रियंका मलिक ने कुलगुरु प्रो. दिनेश कुमार का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। उन्होंने ‘मेरा युवा भारत’ कार्यक्रम में सहयोग के लिए छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. कुलवंत सिंह, डिप्टी डीएसडब्ल्यू डॉ. भावना रूपराई तथा डॉ. दलीप को भी सम्मानित किया।

प्रियंका मलिक ने कहा कि ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर आयोजित चित्रकला, काव्य पाठ, नृत्य, वाद-विवाद, शॉर्ट फिल्म और स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन टीम के सदस्य पुष्पेंद्र ठाकुर ने परिणाम घोषित करते हुए बताया कि चित्रकला में शगुन प्रथम, नंदिनी द्वितीय और चित्र तृतीय स्थान पर रहे। काव्य पाठ में स्वाति प्रथम, प्राची द्वितीय तथा मयूर तृतीय रहे। नृत्य प्रतियोगिता में साक्षी प्रथम, खुशी द्वितीय और खुशी ही तृतीय स्थान पर रहीं।

वाद-विवाद प्रतियोगिता में सुहानी प्रथम, तेजस्वी द्वितीय और योगिता तृतीय स्थान पर रहीं। शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता में प्राची शर्मा प्रथम, सूरज द्वितीय तथा यश सांगवान तृतीय रहे। स्लोगन लेखन में सूरज प्रथम, अनामिका द्वितीय और पुष्पेंद्र तृतीय स्थान पर रहे।

कार्यक्रम के समापन पर कुलगुरु प्रो. दिनेश कुमार और जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रियंका मलिक ने सभी विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। आयोजन को सफल बनाने में पुष्पेंद्र ठाकुर, राजेंद्र शर्मा, शिवदत्त खुटेला, ऋतु कौशिक और आकृति सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!