9 अगस्त को धूमधाम से मनाया जाएगा क्लब का वार्षिकोत्सव, तैयारियां जोरों पर

गुरुग्राम। ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के बाद वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब गुरुग्राम की ओर से शनिवार को सेक्टर-4 स्थित सामुदायिक भवन परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्रधान एवं फोरबा के चेयरमैन धर्मसागर ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लेकर भजन, गीत, कविता और हास्य प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंच संचालक डीएन कवातरा ने गायत्री मंत्र के साथ किया। क्लब प्रधान धर्मसागर ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कविता प्रस्तुत की— “जिंदगी में हर पल एक मौज मिली, कभी-कभी नहीं हर रोज मिली, एक अच्छा दोस्त मांगा था जिंदगी से, पर मुझे तो यहां पूरी विद्वानों की फौज मिली।”

उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद सभी सदस्यों को स्वस्थ और ऊर्जावान देखकर प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने सभी के स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए बताया कि आगामी 9 अगस्त को सेक्टर-7 स्थित आर्य समाज मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में क्लब का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की चेयरपर्सन एवं पंजाब केसरी समाचार पत्र की डायरेक्टर श्रीमती किरण चोपड़ा करेंगी।
उन्होंने बताया कि वार्षिकोत्सव की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और इसके लिए रविवार को दोपहर 12 बजे सेक्टर-4 सामुदायिक भवन में रिहर्सल आयोजित की जाएगी।
सदस्यों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां

मंच संचालक डीएन कवातरा ने बताया कि कार्यक्रम में मधु शर्मा ने “मनमोहक सूरत तेरी, प्रभु मिल जाओगे आप कहीं न कहीं” भजन प्रस्तुत किया। वहीं वीणा श्रीवास्तव ने “सृष्टि रचाने वाले, दुख से बचाने वाले” भजन से सभी को भावविभोर कर दिया।
हनुमान प्रसाद शर्मा ने प्रेम और रिश्तों पर आधारित प्रस्तुति दी। जगदीश अरोड़ा ने प्रभु भक्ति के भजन प्रस्तुत किए। एलडी बवेजा ने अपनी कविताओं और हास्य शैली से सभी का मनोरंजन किया। उन्होंने कहा कि मंदिरों की यात्रा से अधिक जरूरी है मन में भक्ति और अच्छे कर्मों का होना।
एमआर कुमार ने जीवन की वास्तविकताओं पर आधारित कविता प्रस्तुत की— “किसी की जिंदगी छोटी तो किसी की जिंदगी बड़ी होती है, मौत किसी के दरवाजे पर तो किसी के सिर पर खड़ी होती है।”

इसके अलावा एससी चुघ और मदनलाल डूडेजा ने चुटकुले सुनाकर लोगों को खूब हंसाया, जबकि किरण सैनी और अंजला वधवा ने भजन प्रस्तुत किए।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रेरणादायक मंच है क्लब : एच चावला
संस्था के 85 वर्षीय वरिष्ठ सदस्य एवं समाजसेवी एच. चावला ने वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की चेयरपर्सन श्रीमती किरण चोपड़ा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बुजुर्गों को ऐसा मंच उपलब्ध कराया है, जहां वे अपने अनुभव साझा करने के साथ-साथ भजन, गीत, कविता और हास्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सक्रिय जीवन जी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन एक बार मिलता है, इसलिए सभी को अपने जीवन में अच्छे कार्य करने चाहिए और अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंद लोगों की सहायता करनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान प्रथम 20 सदस्यों के नामों की पर्चियों में से दो सदस्यों का ड्रा निकाला गया और विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जुलाई माह में जन्मदिन वाले सदस्यों का सामूहिक जन्मदिन भी मनाया गया।
इस अवसर पर ग्रीवेंश कमेटी के सदस्य रमेश वशिष्ठ, केसरदास ग्रोवर, रमेश धवन सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष सदस्य उपस्थित रहे।








