अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. जयवीर यादव ने स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के दिए निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एसएसएफ टीम को प्रतिदिन छह चालान करने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा एएसआई को पीजी सर्वे, डी2डी वाहनों की निगरानी और जीवीपी की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश

गुरुग्राम, 24 जुलाई। नगर निगम गुरुग्राम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. जयवीर यादव की अध्यक्षता में एएसआई एवं स्वच्छता सुरक्षा बल (एसएसएफ) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, नियमों के सख्त पालन तथा फील्ड मॉनिटरिंग को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।

बैठक के दौरान डॉ. जयवीर यादव ने एसएसएफ टीम को निर्देश दिए कि प्रत्येक टीम प्रतिदिन न्यूनतम छह चालान सुनिश्चित करे ताकि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, कचरा फेंकने तथा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने एसएसएफ टीम को रात्रि गश्त नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए। विशेष रूप से एनएच-48 पर इफको चौक से दिल्ली बॉर्डर तक तथा 9ए रोड पर रात्रि निगरानी बढ़ाने के लिए कहा गया, ताकि अवैध रूप से कचरा फेंकने की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे।

बैठक में एएसआई को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पीजी परिसरों का सर्वेक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि वहां से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक एवं निर्धारित व्यवस्था के अनुसार निस्तारण हो रहा है।

इसके अलावा एएसआई को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए, ताकि सभी क्षेत्रों में समयबद्ध और प्रभावी कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में डी2डी सेवा में लापरवाही पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।

डॉ. जयवीर यादव ने सभी एएसआई को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स की प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित करें और ऐसे स्थानों पर दोबारा कचरा जमा न होने देने के लिए सतत निगरानी रखें।

बैठक के अंत में डॉ. जयवीर यादव ने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें तथा फील्ड में नियमित निगरानी और प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित करें। स्वच्छ गुरुग्राम के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रत्येक अधिकारी की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!